कीचड़ भरे रास्ते से स्कूल पहुंचने को मजबूर सोलगुड़ा के बच्चे, ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की उठाई मांग

भानपुरी,29 जुलाई 2026
बस्तर जिले के भानपुरी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बनियागांव के आश्रित ग्राम सोलगुड़ा में बारिश के दौरान बदहाल सड़क ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है। गांव तक पहुंचने वाला मार्ग कीचड़ और जलभराव से दलदल में तब्दील हो गया है, जिससे ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
करीब 55 से 60 परिवारों वाले इस गांव में सबसे अधिक परेशानी छात्र-छात्राओं को झेलनी पड़ रही है। बच्चे हर दिन इसी कीचड़ भरे रास्ते से स्कूल जाने को मजबूर हैं। सड़क पर इतनी फिसलन है कि साइकिल चलाना तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। कई बार बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है।
बारिश के बीच सामने आई तस्वीरों में स्कूली छात्राएं कंधे पर बस्ता और हाथ में साइकिल लेकर कीचड़ से गुजरते हुए स्कूल पहुंचने का प्रयास करती दिखाई दे रही हैं। यह दृश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमी को उजागर करता है।
ग्रामीणों का कहना है कि वे वर्षों से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। उनका आरोप है कि चुनाव के समय विकास के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद गांव की समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जाता।
ग्रामीणों ने प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सोलगुड़ा तक पक्की सड़क निर्माण, जलभराव रोकने के लिए नाली व्यवस्था तथा सड़क बनने तक अस्थायी मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बच्चों की शिक्षा और ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए अब इस समस्या का शीघ्र समाधान किया जाना आवश्यक है।




