बाइक पर स्टंट और अश्लील रील बनाना युवक को पड़ा भारी, रायपुर पुलिस ने की कार्रवाई

रायपुर,29 जुलाई 2026
सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत में बनाई गई एक रील ने राजधानी रायपुर के एक युवक को कानूनी कार्रवाई का सामना करने पर मजबूर कर दिया। युवक ने एक युवती को बाइक की टंकी पर बैठाकर बॉलीवुड गाने पर स्टंटबाजी और अशोभनीय हरकतों का वीडियो बनाया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वायरल वीडियो में युवक और युवती बिना हेलमेट सार्वजनिक सड़क पर खतरनाक तरीके से बाइक चलाते और अशोभनीय हरकतें करते दिखाई दिए। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए बाइक चालक की पहचान कर उसे थाने बुलाया।
जांच में आरोपी की पहचान मठपुरैना निवासी 24 वर्षीय भीमेश देवांगन के रूप में हुई। पुलिस ने पाया कि वीडियो में प्रदर्शित कृत्य सार्वजनिक अश्लीलता फैलाने और लापरवाही से वाहन चलाने की श्रेणी में आता है। इसके आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपी से सार्वजनिक रूप से माफी भी मंगवाई। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए कानून का उल्लंघन, खतरनाक स्टंट या अशोभनीय हरकतें करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज़ के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें तथा यातायात नियमों और कानून का पालन करें।




