
जगदलपुर, 2 जुलाई 2026
बस्तर से सांसद बनने के बाद भी महेश कश्यप का अपनी मिट्टी और खेती से जुड़ाव बरकरार है। मानसून की शुरुआत होते ही सांसद महेश कश्यप अपने खेतों में हल जोतते नजर आए। उनकी यह तस्वीर क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
बताया गया कि महेश कश्यप का परिवार पीढ़ियों से खेती-किसानी से जुड़ा रहा है। सांसद बनने के बाद भी उन्होंने अपनी पुश्तैनी परंपरा को नहीं छोड़ा। वे आज भी अपने परिवार के साथ खेतों की जोताई, रोपाई, बुवाई और कटाई जैसे कृषि कार्यों में स्वयं हिस्सा लेते हैं।



सांसद महेश कश्यप ने कहा कि “किसानी मेरा मूल आधार है और मिट्टी से मेरा जुड़ाव ही मेरी असली ताकत है। पद आते-जाते रहते हैं, लेकिन अपने मूल काम को कभी नहीं भूलना चाहिए। बस्तर का विकास और किसानों की खुशहाली ही मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
स्थानीय लोगों का कहना है कि अपने सांसद को एक आम किसान की तरह खेतों में काम करते देखना गर्व की बात है। लोगों का मानना है कि महेश कश्यप ने यह साबित किया है कि वे आज भी अपनी माटी और किसानों से गहराई से जुड़े हुए हैं।




