छत्तीसगढ़

रायपुर संभाग के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, वरिष्ठ नेताओं ने संगठन और समसामयिक मुद्दों पर दिए टिप्स

रायपुर,20 सितम्बर 2026

छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने रविवार को रायपुर संभाग के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों और जिला मास्टर ट्रेनरों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत की। जोरा स्थित प्रतिष्ठा मांगलिक भवन में आयोजित इस शिविर में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने संगठन की विचारधारा, इतिहास, सामाजिक समरसता और समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर प्रशिक्षण दिया।

यह शिविर कांग्रेस के संगठनात्मक प्रशिक्षण अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य जमीनी स्तर पर पार्टी संगठन को मजबूत करना है। इससे पहले प्रदेश के बस्तर, दुर्ग और सरगुजा संभागों में भी इसी तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।

शिविर के उद्घाटन सत्र में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू और मोहन मरकाम तथा पूर्व पीसीसी अध्यक्ष धनेन्द्र साहू सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

दीपक बैज ने अपने संबोधन में तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अनुशासन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों को कांग्रेस की संगठनात्मक कार्यप्रणाली, नीतियों और सिद्धांतों से परिचित कराया जाएगा। विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।

चरणदास महंत ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रशिक्षण को उनके राजनीतिक जीवन का महत्वपूर्ण अवसर बताया और सभी से प्रशिक्षण सत्रों का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और प्रशिक्षकों ने विभिन्न विषयों पर सत्र लिए। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने समकालीन राजनीति में धर्म और धर्मनिरपेक्षता विषय पर संबोधित किया। वहीं टी.एस. सिंहदेव ने छत्तीसगढ़ सरकार के राजस्व और कल्याणकारी योजनाओं पर होने वाले खर्च से जुड़े विषय पर जानकारी दी।

पूर्व मंत्री शिव कुमार डहरिया ने सामाजिक समरसता पर सत्र लिया। प्रशिक्षक युगल पांडेय ने प्रशिक्षण की भूमिका और संगठन निर्माण के महत्व पर जानकारी दी। वहीं अशोक चतुर्वेदी ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की विचारधारा और इतिहास पर प्रशिक्षण दिया।

कांग्रेस के इस संभाग स्तरीय प्रशिक्षण अभियान का उद्देश्य ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों और मास्टर ट्रेनरों को संगठनात्मक ज्ञान एवं उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराना है। प्रशिक्षण के दौरान ब्लॉक से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया जा रहा है।

रायपुर संभाग का यह प्रशिक्षण शिविर तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें प्रतिभागियों को वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों द्वारा कई सत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar