छत्तीसगढ़

बिलासपुर में क्लब में हंगामा, ₹10 हजार का बिल मांगने पर महिला कर्मचारी से मारपीट: बाल नोचे, शीशा-गमले तोड़े; बिना भुगतान किए निकली युवती

बिलासपुर,22 सितम्बर 2026

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में क्लब का बिल चुकाने को लेकर युवती द्वारा हंगामा और महिला कर्मचारी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब ₹10 हजार के बिल को लेकर विवाद के बाद युवती ने महिला कर्मचारी के बाल पकड़कर मारपीट की, जिससे उसके सिर में चोट आई। इसके बाद क्लब के वॉशरूम का शीशा और गमले तोड़ने का भी आरोप है।

मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित होटल हेवन्स पार्क के लिट क्लब का है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवती महिला कर्मचारी के साथ मारपीट करती नजर आ रही है।

दोस्तों के साथ क्लब पहुंची थी युवती

जानकारी के मुताबिक, सरकंडा के अशोक नगर निवासी अंजना दीवान (27) होटल के क्लब के सर्विस डिपार्टमेंट में काम करती हैं। शनिवार रात करीब 10:30 बजे पेमा नाम की युवती अपने दोस्तों के साथ क्लब पहुंची। वह टेबल नंबर 26 पर बैठी और बीयर, शराब समेत खाने-पीने का ऑर्डर किया।

बिल तैयार होने के बाद अंजना ने युवती को ₹10 हजार का बिल दिया। युवती ने पूरी राशि पर आपत्ति जताते हुए केवल अपने खाने-पीने का बिल मांगा। इसके बाद उसे करीब ₹5 हजार का दूसरा बिल दिया गया।

बिल मांगने पर महिला कर्मचारी से मारपीट

आरोप है कि दूसरा बिल दिए जाने के बाद भी युवती भुगतान करने में टालमटोल करती रही। जब अंजना ने दोबारा बिल चुकाने के लिए कहा, तो युवती चिल्लाने लगी और बाहर जाने लगी।

रोकने पर युवती ने कथित तौर पर अंजना के बाल पकड़कर मारपीट की। मारपीट में अंजना के सिर में चोट लग गई। इसके बाद युवती ने क्लब के वॉशरूम का शीशा और गमले तोड़ दिए

पुलिस पहुंची, फिर भी बिना भुगतान किए चली गई

क्लब में हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि इसके बावजूद युवती शांत नहीं हुई और बिना बिल का भुगतान किए कार में बैठकर वहां से चली गई

महिला कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने युवती के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है

Excerpt: बिलासपुर के लिट क्लब में बिल को लेकर विवाद के बाद युवती पर महिला कर्मचारी से मारपीट और क्लब में तोड़फोड़ करने का आरोप लगा है। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar