धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर CM साय की प्रतिक्रिया, कहा- नैतिक मूल्यों का परिचायक है फैसला

रायपुर,26 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन के हर दायित्व का निर्वहन निष्ठा, ईमानदारी और पूर्ण समर्पण के साथ किया है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान की कार्यशैली, संगठनात्मक क्षमता और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणादायक रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान केंद्रीय मंत्री के रूप में धर्मेंद्र प्रधान ने विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विशेष रूप से राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के प्रभावी क्रियान्वयन, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, तकनीकी एवं उच्च शिक्षा के विस्तार तथा विद्यार्थियों के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।
CM साय ने कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने पद से इस्तीफा देने का उनका निर्णय सार्वजनिक जीवन में नैतिक मूल्यों, मर्यादा और सिद्धांतों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का परिचायक है। उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनके राष्ट्रसेवा के प्रयास आगे भी नई ऊंचाइयों को प्राप्त करते रहें।




