बस्तर में भारी बारिश के बीच मंत्री केदार कश्यप ने कलेक्टरों से ली स्थिति की जानकारी, राहत-बचाव तेज करने के निर्देश

रायपुर, 26 सितंबर 2026
बस्तर संभाग में लगातार हो रही भारी बारिश, जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने संभाग के सभी जिलों के कलेक्टरों से दूरभाष पर चर्चा कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों, नदी-नालों के जलस्तर, आवागमन की स्थिति और राहत-बचाव कार्यों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ काम करने के निर्देश दिए।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। जहां जलभराव या बाढ़ की स्थिति बन रही है, वहां तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जाएं। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयों और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कलेक्टरों को निचले और संवेदनशील इलाकों तथा नदी-नालों के जलस्तर की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। जिन मार्गों, पुल-पुलियों या रपटों पर पानी बह रहा है, वहां लोगों को आवागमन न करने दिया जाए। आवश्यकता के अनुसार पुलिस और प्रशासन की टीम तैनात कर बैरिकेडिंग सहित अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
मंत्री ने बस्तर के ग्रामीण, वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों तक समय पर सहायता पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण संपर्क मार्ग प्रभावित होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्थाएं तैयार रखी जाएं और राहत दल आवश्यक संसाधनों के साथ सतर्क रहें, ताकि आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को जिला स्तर पर स्थिति की लगातार समीक्षा, आवश्यक संसाधनों की तत्काल व्यवस्था और मैदानी अमले को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि प्रशासन और संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि किसी भी प्रभावित परिवार तक सहायता पहुंचाने में देरी न हो।
राहत शिविरों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि जिन क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की आवश्यकता हो, वहां राहत शिविरों की समुचित व्यवस्था की जाए। शिविरों में भोजन, पेयजल, आवश्यक दवाइयां और प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध हो। बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
बारिश और जलभराव के बाद उत्पन्न होने वाली संभावित स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को देखते हुए स्वास्थ्य अमले को भी सतर्क रखने के निर्देश दिए गए।
नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील
मंत्री केदार कश्यप ने नागरिकों से अपील की कि भारी बारिश के दौरान तेज बहाव वाले नदी-नालों, जलमग्न पुल-पुलियों और रास्तों को पार करने का प्रयास न करें। जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति या सहायता की आवश्यकता होने पर तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना दें।




