देश-विदेश

शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी के लिए 16 दिसंबर की तारीख चर्चा में, विजय दिवस पर लौटने के पीछे क्या है संदेश?

बांग्लादेश,25 नवम्बर 2026

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वतन वापसी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। खबरों के मुताबिक, उन्होंने भारत से बांग्लादेश लौटने के लिए 16 दिसंबर 2026 की तारीख चुनी है। यह तारीख बांग्लादेश के इतिहास में बेहद खास महत्व रखती है, क्योंकि इसी दिन देश में विजय दिवस (बिजॉय दिबोस) मनाया जाता है।

16 दिसंबर 1971 को भारतीय सेना और मुक्ति वाहिनी की संयुक्त सेनाओं के सामने पाकिस्तानी सेना ने आत्मसमर्पण किया था। इसी ऐतिहासिक घटना के साथ बांग्लादेश की स्वतंत्रता का मार्ग प्रशस्त हुआ और पूर्वी पाकिस्तान एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में अस्तित्व में आया।

विजय दिवस का ऐतिहासिक महत्व

बांग्लादेश में हर साल 16 दिसंबर को राष्ट्रीय गौरव और आजादी के प्रतीक के रूप में विजय दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर देशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। साथ ही 1971 के मुक्ति संग्राम में बलिदान देने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी जाती है।

इस ऐतिहासिक दिन का भारत से भी गहरा संबंध है। 1971 के युद्ध में भारतीय सेना ने मुक्ति वाहिनी के साथ मिलकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। पाकिस्तानी सेना के आत्मसमर्पण के बाद बांग्लादेश एक स्वतंत्र देश बना।

वापसी की तारीख के क्या हो सकते हैं राजनीतिक मायने?

शेख हसीना की प्रस्तावित वापसी के लिए 16 दिसंबर की तारीख का चयन कई राजनीतिक और कूटनीतिक सवाल खड़े कर रहा है। यह दिन बांग्लादेश की आजादी, भारत के योगदान और मुक्ति संग्राम की ऐतिहासिक विरासत से जुड़ा हुआ है।

ऐसे में इस तारीख पर उनकी संभावित वापसी को प्रतीकात्मक राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, 16 दिसंबर को ही वापसी की तारीख चुनने के पीछे शेख हसीना की वास्तविक मंशा क्या है, इस बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

बांग्लादेश के मौजूदा राजनीतिक हालात और शेख हसीना की वापसी को लेकर जारी चर्चाओं के बीच अब 16 दिसंबर 2026 की तारीख पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। हालांकि, उनकी वापसी को लेकर सामने आई इस जानकारी की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar