बस्तर में भारी बारिश से जलभराव, खैरगुड़ा के 13 प्रभावित परिवार राहत शिविर में शिफ्ट; स्कूल भवन में ठहरने और भोजन की व्यवस्था

बस्तर। लगातार बारिश और जलभराव के चलते प्रभावित परिवारों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन एवं ग्राम पंचायत कुंडगुड़ा मधोता-02 द्वारा खैरगुड़ा स्थित प्राथमिक शाला में राहत शिविर बनाया गया है। शिविर में जलभराव से प्रभावित 13 परिवारों के सदस्यों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था की गई है।
प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर पर लगातार जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सरपंच ईस्पर मंडावी सुबह से ही राहत शिविर में प्रभावित परिवारों की व्यवस्था में जुटे हुए हैं। वहीं मनोज कुमार, नंदो ठाकुर और जगरु कश्यप भी आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं।
राहत शिविर में रह रहे परिवारों के लिए भोजन सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। प्रशासन द्वारा भी बारिश और जलभराव की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। तहसीलदार बस्तर जॉली जेम्स प्रभावित परिवारों और स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं तथा राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं की जानकारी ले रही हैं।
प्रशासन ने बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए प्रभावित परिवारों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। ग्राम पंचायत और प्रशासन द्वारा राहत शिविर में रह रहे परिवारों की जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।




