
जगदलपुर, 6 जुलाई 2026
बस्तर धाकड़ क्षत्रिय राजपूत समाज को संगठित और सशक्त बनाने के उद्देश्य से रविवार को जगदलपुर स्थित सामाजिक भवन में युवाओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह आयोजन बस्तर धाकड़ क्षत्रिय राजपूत समाज के संयुक्त तत्वावधान में हुआ, जिसमें बस्तर क्षेत्र के लगभग 10 गांवों से पहुंचे युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बैठक की शुरुआत समाज की एकता और प्रगति के संकल्प के साथ हुई। इसके बाद युवाओं ने समाज की वर्तमान स्थिति, भविष्य की योजनाओं, शिक्षा, रोजगार, संगठनात्मक मजबूती, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे।
चर्चा के दौरान युवाओं ने कहा कि समाज के विकास के लिए शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। साथ ही हर गांव में युवा इकाई गठन और सरकारी योजनाओं की जानकारी युवाओं तक पहुंचाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 19 जुलाई को ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन जगदलपुर में किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र के सभी युवाओं को एक मंच पर लाना है, जहां समाज के वरिष्ठजन, अधिकारी, कर्मचारी और विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर चुके युवा अपने अनुभव साझा करेंगे। इससे युवाओं को शिक्षा, करियर और समाज सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
बैठक में यह भी तय किया गया कि युवा संवाद के दौरान समाज के चौमुखी विकास के लिए एक विस्तृत रोडमैप तैयार किया जाएगा। अंत में उपस्थित सभी युवाओं ने समाज के प्रत्येक युवा से 19 जुलाई को होने वाले युवा संवाद में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपने सुझाव देने और समाज के विकास में भागीदार बनने की अपील की।




