फिर पकड़े गए पटवारी भर्ती पेपर लीक के आरोपी: दिल्ली से दो गिरफ्तार, 8 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजे गए

रायपुर: आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (EOW-ACB) ने 2024 की पटवारी से राजस्व निरीक्षक (RI) विभागीय परीक्षा के पेपर लीक मामले में दिल्ली से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीर सिंह जाटव (35) और अरविंद जाटव (41) के रूप में हुई है। दोनों मध्यप्रदेश के भिंड जिले के उमरी थाना क्षेत्र के ग्राम घना की गढ़िया के निवासी हैं।
EOW की टीम दोनों आरोपियों को रायपुर लेकर आई और आज भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विशेष अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपियों को 23 नवंबर 2026 तक आठ दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (2018 में संशोधित) की धारा 7(सी) के साथ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धाराओं 420, 467, 468, 471 और 120-बी के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
आयुक्त भू-अभिलेख द्वारा 7 जनवरी 2024 को पटवारियों को राजस्व निरीक्षक प्रशिक्षण के लिए चयनित करने विभागीय परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा परिणाम के आधार पर 216 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था। बाद में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की उच्चस्तरीय जांच रिपोर्ट में अनियमितताओं का खुलासा होने के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने मामले की जांच EOW-ACB को सौंप दी थी। प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर ब्यूरो ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने प्रश्नपत्र मुद्रण समिति से जुड़े सह-आरोपी वीरेंद्र जाटव के साथ आपराधिक षड्यंत्र किया था। आरोपियों ने परीक्षा की गोपनीयता भंग करते हुए परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र लीक किया और मोटी रकम लेकर अभ्यर्थियों को अवैध रूप से उपलब्ध कराया।
15 नवंबर 2026 को कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में पहचान परेड कराई गई। इसमें शामिल पटवारियों ने आरोपियों की पहचान उन व्यक्तियों के रूप में की, जिन्होंने उन्हें लीक प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया था, परीक्षा की तैयारी के लिए ठहरने की व्यवस्था की थी और उनसे अवैध रकम ली थी।
आरोपियों की संलिप्तता के स्पष्ट साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार किया। मामले में आगे की जांच जारी है।




