छत्तीसगढ़

धरसींवा में विधायक अनुज शर्मा की बड़ी घोषणा: 12वीं में प्रदेश टॉप करने वाले छात्र की पूरी उच्च शिक्षा का खर्च उठाएंगे

धरसींवा। धरसींवा विधायक अनुज शर्मा की ‘सेवा संवाद यात्रा’ का चौथा दिन विकास कार्यों की घोषणाओं, जनसमस्याओं के निराकरण और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के संकल्प के साथ संपन्न हुआ। यात्रा के दौरान विधायक ने ग्राम निमोरा, धनेली, सांकरा और सिलतरा का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की घोषणा और भूमिपूजन किया गया। वहीं, सांकरा में आयोजित युवा संवाद के दौरान उन्होंने 12वीं बोर्ड परीक्षा में प्रदेश टॉप करने वाले धरसींवा क्षेत्र के विद्यार्थी की उच्च शिक्षा का पूरा खर्च उठाने की घोषणा की।

विधायक अनुज शर्मा ने परंपरागत सभाओं के बजाय गांवों में घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने विभिन्न ग्राम पंचायतों में चल रहे निर्माण कार्यों, शासकीय कार्यालयों, स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण भी किया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में सुधार तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रवास के दौरान उन्होंने एक ग्रामीण के घर पहुंचकर भोजन भी किया।

मितानिन बहनों का किया सम्मान

मितानिन दिवस के अवसर पर ग्राम निमोरा में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर विधायक ने क्षेत्र की मितानिन बहनों का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि मितानिन बहनें ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं। वे कठिन परिस्थितियों में भी गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और ग्रामीणों के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए निस्वार्थ भाव से काम करती हैं। इस अवसर पर सभी मितानिनों को शाल, श्रीफल और सम्मान पत्र भेंटकर उनके योगदान की सराहना की गई।

निमोरा में बिजली सब-स्टेशन और हाई मास्ट लाइट की घोषणा

ग्राम निमोरा में विधायक ने शौचालय और स्कूल में अतिरिक्त कक्ष निर्माण का भूमिपूजन किया। ग्रामीणों ने लो-वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या से अवगत कराया, जिस पर विधायक ने गांव में नया बिजली सब-स्टेशन स्थापित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही बाजार चौक में हाई मास्ट लाइट लगाने की घोषणा की। राशन वितरण से जुड़ी समस्या का भी तत्काल निराकरण कराया गया।

धनेली और सांकरा को मिली विकास कार्यों की सौगात

ग्राम धनेली में स्कूल परिसर में नवनिर्मित बालिका शौचालय का लोकार्पण किया गया। स्कूल के मंच पर शेड निर्माण की घोषणा भी की गई। गांव में जलभराव और नाली की समस्या को लेकर अधिकारियों को जल्द निराकरण के निर्देश दिए गए।

वहीं, ग्राम सांकरा में ग्रामीणों और युवाओं की मांग पर खेल मैदान के समतलीकरण और बालिका शौचालय निर्माण की घोषणा की गई।

जनचौपाल में सुनी समस्याएं, अधिकारियों को दिए निर्देश

यात्रा के दौरान प्रत्येक गांव में जनचौपाल लगाकर विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। बिजली, नाली, राशन और अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। जनचौपाल में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

प्रदेश टॉपर की पूरी उच्च शिक्षा का खर्च उठाएंगे विधायक

ग्राम सांकरा में स्कूली बच्चों के साथ आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उन्हें पढ़ाई और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। बच्चों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने स्कूल की लाइब्रेरी के लिए ज्ञानवर्धक पुस्तकें भेंट कीं। साथ ही सभी विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ विधानसभा का भ्रमण कराने के लिए रायपुर ले जाने का वादा किया।

उन्होंने स्कूल में बेहतर अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत करने की भी घोषणा की। इस दौरान उन्होंने एक महत्वपूर्ण संकल्प लेते हुए कहा कि धरसींवा विधानसभा क्षेत्र का जो भी विद्यार्थी 12वीं बोर्ड परीक्षा में पूरे प्रदेश में टॉप करेगा, उसकी 12वीं के बाद की पूरी उच्च शिक्षा का खर्च वे स्वयं उठाएंगे।

सिलतरा में रात्रि विश्राम, भजन संध्या में हुए शामिल

सेवा संवाद यात्रा के चौथे दिन का समापन ग्राम सिलतरा में हुआ। यहां विधायक ने ग्रामीणों के बीच रात्रि भोजन किया और रात्रि विश्राम भी किया। इस दौरान शक्तिकेंद्र प्रभारियों और बूथ अध्यक्षों के साथ बैठक कर संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने को लेकर चर्चा की। इसके बाद वे ग्राम पंचायत में आयोजित भजन संध्या में शामिल हुए और स्थानीय कीर्तन मंडलियों के साथ भजन-कीर्तन में हिस्सा लिया।

पूरी यात्रा के दौरान विधायक अनुज शर्मा के साथ योगेश तिवारी, संदीप यदु, शकुंतला ढिलेंद्र सेन, यात्रा प्रभारी अरविंद ठाकुर, सह-प्रभारी कृष्ण कुमार वर्मा सहित पार्टी पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar