छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

जगदलपुर में स्वदेशी मेले की तैयारियां शुरू: नवरात्र के पहले दिन लालबाग मैदान में भूमिपूजन, 18 से 26 अक्टूबर तक लगेगा मेला

जगदलपुर, 12 अक्टूबर। बस्तर संभाग के जगदलपुर स्थित लालबाग मैदान में आगामी 18 से 26 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले स्वदेशी मेले का भूमिपूजन शारदीय नवरात्र के प्रथम दिवस पर वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर महापौर संजय पाण्डेय, बस्तर चैंबर के अध्यक्ष श्याम सोमानी और इंद्रावती प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शरद अवस्थी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं स्वदेशी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

स्वदेशी अपनाने से मजबूत होगा देश का आर्थिक स्वावलंबन: महेश कश्यप

भूमिपूजन कार्यक्रम में सांसद महेश कश्यप ने कहा कि स्वदेशी का संदेश घर-घर तक पहुंचाना आज देश की आवश्यकता है। श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी के स्वदेशी विचारों और प्रेरणाओं को आत्मसात करते हुए सभी को स्वदेशी के प्रति संकल्पित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वदेशी केवल भारतीय उत्पादों को अपनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के आर्थिक स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने का व्यापक विचार है।

स्वदेशी विचारों का महाकुंभ है मेला: संजय पाण्डेय

जगदलपुर के महापौर संजय पाण्डेय ने कहा कि स्वदेशी आज देश की आवश्यकता है। स्वदेशी मेला भारतीय उत्पादों, स्थानीय उद्यमियों और स्वावलंबन की भावना को प्रोत्साहित करने वाला महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी तन्मयता और समर्पण के साथ जुटकर मेले को सफल बनाने का आह्वान किया।

17 अक्टूबर को निकलेगी ‘रन फॉर स्वदेशी’ रैली

मेला संयोजक किशोर पारख ने बताया कि 17 अक्टूबर को मां दंतेश्वरी मंदिर से ‘रन फॉर स्वदेशी’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से लोगों को स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से जुड़ने का संदेश दिया जाएगा।

स्थानीय व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

स्वदेशी मेला भारतीय उत्पादों, स्थानीय उद्यमियों, कुटीर एवं लघु उद्योगों तथा स्वदेशी विचारधारा को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण मंच है। मेले के माध्यम से स्थानीय व्यापार, रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग में स्वदेशी एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूकता लाने का प्रयास किया जाएगा।

नवरात्र के पावन अवसर पर हुए भूमिपूजन के साथ मेले की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ हो गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने बस्तर क्षेत्र में स्वदेशी, स्वावलंबन और स्थानीय उद्यमिता को नई दिशा देने का संकल्प लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्वदेशी कार्यकर्ताओं और मातृशक्ति की सहभागिता रही।

ये पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे उपस्थित

कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत संपर्क प्रमुख सुब्रत चाकी, बस्तर संभाग संयोजक डॉ. राम राकेश जांगिड़, सह संयोजक अनिल लुंकड़, लक्ष्मण झा, संग्राम सिंह राणा, प्रांत पत्रिका प्रमुख जीआर जगत, विधुशेखर, रोहित बैस, धीरज कश्यप, सुलता महाराणा, मनीष अहीर, रामनरेश पाण्डेय, जयेश पांचाल, भावेश सुरेश गुप्ता, संतोष गोड़, श्याम सुंदर भगेल, कुबेर देवांगन, कलावती केशर, राजपाल केशर, संतोष त्रिपाठी, आशुतोष पाल, शीशीनाथ पाठक और पारिश राम बेशरा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

जय स्वदेशी – जय जय स्वदेशी।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar