छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

जगदलपुर में जलभराव से मिलेगी राहत: 1.20 करोड़ से 3 वार्डों में बनेंगे नाले, नवरात्रि के पहले दिन सांसद महेश कश्यप ने किया भूमिपूजन

जगदलपुर, 12 अक्टूबर। शारदीय नवरात्रि के पहले दिन जगदलपुर शहर को विकास कार्यों की सौगात मिली। नगर निगम की ओर से तीन वार्डों में कुल 1 करोड़ 20 लाख 20 हजार रुपये की लागत से आरसीसी नाला निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन निर्माण कार्यों का उद्देश्य शहर में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाना और जलभराव की समस्या से राहत दिलाना है। इस दौरान गांधीनगर वार्ड में सुलभ शौचालय का लोकार्पण करने के साथ स्वच्छता से जुड़ी सुविधाओं का भी विस्तार किया गया।

कार्यक्रम सांसद महेश कश्यप, विधायक किरण देव के मार्गदर्शन और महापौर संजय पांडे की उपस्थिति में आयोजित हुआ। जनप्रतिनिधियों ने शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

गांव से शहर तक सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता : महेश कश्यप

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता गांव से लेकर शहर तक आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और नगरीय निकायों को विकसित करना है। विकास का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि आम नागरिकों के जीवन को सुविधाजनक बनाना है।

उन्होंने कहा कि नाला निर्माण, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार से शहर की व्यवस्थाओं को मजबूती मिलेगी। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

जलभराव की समस्या दूर करना निगम की प्राथमिकता : संजय पांडे

महापौर संजय पांडे ने कहा कि जगदलपुर को जलभराव की समस्या से निजात दिलाना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। शहर में समयबद्ध और सुनियोजित तरीके से विकास कार्य कराए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों को रोजमर्रा की समस्याओं से राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि शहर के विकास का विजन केवल सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट तक सीमित नहीं है। बेहतर जल निकासी व्यवस्था, सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार और सुरक्षित एवं व्यवस्थित शहरी वातावरण तैयार करना भी जरूरी है। वार्डों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

तीन वार्डों में 1.20 करोड़ रुपये से बनेंगे नाले

नगर निगम के अनुसार, शहर के तीन वार्डों में नाला और अन्य निर्माण कार्यों के लिए कुल 1 करोड़ 20 लाख 20 हजार रुपये की राशि निर्धारित की गई है।

  • छत्रपति शिवाजी वार्ड क्रमांक 35: सीसी सड़क, आरसीसी नाली सहित विभिन्न निर्माण कार्यों पर 29.58 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
  • राजेंद्र नगर वार्ड क्रमांक 21 और शिव मंदिर वार्ड क्रमांक 3: गंगा मुंडा तालाब के पास तथा शिव मंदिर वार्ड में आरसीसी नाला निर्माण के लिए 19.73 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
  • कुशाभाऊ ठाकरे वार्ड क्रमांक 48: मुख्यमंत्री नगरोत्थान मद के अंतर्गत नवोदय विद्यालय से हनुमान मंदिर तक आरसीसी नाले का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य की लागत 70.89 लाख रुपये है।

इन परियोजनाओं से संबंधित क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने और बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

सुलभ शौचालय का लोकार्पण, स्वच्छता कर्मियों को मिली सुविधाएं

विकास कार्यक्रम के तहत दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण के सामने टैंकर एवं स्वच्छता कर्मियों को डस्टबिन ट्रॉली वितरण और लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके साथ ही गांधीनगर वार्ड में महात्मा गांधी स्कूल के पास नवनिर्मित सुलभ शौचालय का लोकार्पण किया गया।

इन सुविधाओं का उद्देश्य शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना और नागरिकों को आवश्यक सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में इंद्रावती विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शरद अवस्थी, ब्रेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, जिला सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा, महामंत्री परिश बेसरा, आर्यद्र सिंह आर्य, निर्मल पानीग्राही, लक्ष्मण झा, सुरेश गुप्ता, कलावती कसेर, संजय विश्वकर्मा, योगेंद्र पांडेय और संग्राम सिंह राणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पार्षद एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar