छत्तीसगढ़

कांग्रेस नेता से 25 करोड़ की रंगदारी: बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी, शोएब ढेबर की फिर होगी गिरफ्तारी; CJM कोर्ट ने दी अनुमति

रायपुर,30 सितंबर 2026

कांग्रेस नेता से कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर की दोबारा गिरफ्तारी का रास्ता साफ हो गया है। रायपुर CJM कोर्ट ने पुलिस को शोएब ढेबर को फिर से गिरफ्तार करने की अनुमति दे दी है।

पुलिस ने नियमित अदालत में आरोपी की दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति के लिए आवेदन दिया था, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। इससे पहले रविवार को रिमांड कोर्ट ने गिरफ्तारी की सूचना परिवार के सही व्यक्ति को नहीं देने के आधार पर शोएब ढेबर को स्वतंत्र करने की अनुमति दी थी।

14 सितंबर को भेजे गए थे धमकी भरे संदेश

मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को प्रार्थी आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर विदेशी नंबर से WhatsApp के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे।

आरोपी ने कथित तौर पर खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताते हुए 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। साथ ही प्रार्थी, उसके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।

इसके बाद तेलीबांधा थाने में मामला दर्ज किया गया। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और तेलीबांधा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए रविवार को शोएब ढेबर को पकड़ा था।

पांच iPhone किए गए जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना से संबंधित पांच iPhone जब्त किए हैं। इनकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को रिमांड कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से बाद में उसे स्वतंत्र करने की अनुमति दी गई थी।

इसके बाद पुलिस ने मंगलवार को नियमित अदालत के समक्ष दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मांगी। कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद पुलिस अब शोएब ढेबर की तलाश में जुट गई है और उसकी दोबारा गिरफ्तारी कभी भी हो सकती है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar