मध्यप्रदेश

स्कूल बस में 50 बच्चे थे, कार हटाने को कहा तो बदमाशों ने चलाईं 4 गोलियां; ड्राइवर घायल, बच्चों की बाल-बाल बची जान

ग्वालियर/डबरा। मध्य प्रदेश के डबरा में शनिवार सुबह 50 बच्चों से भरी स्कूल बस पर फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। टेकनपुर के ग्लोरीयस कॉन्वेंट स्कूल की बस पर कार सवार दो युवकों ने अवैध कट्टे से चार राउंड गोलियां चला दीं। घटना में बस चालक खेम सिंह घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे ग्वालियर रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, बस सुबह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। बड़ी अकबई गांव के पास सड़क पर एक स्विफ्ट कार खड़ी थी। बस चालक ने हॉर्न बजाकर कार हटाने के लिए कहा। युवकों ने कार में पेट्रोल खत्म होने की बात कही। जब चालक ने कार को धक्का देकर हटाने की बात कही तो दोनों युवक भड़क गए।

बहस के दौरान एक आरोपी ने कट्टा निकालकर बस पर चार गोलियां चला दीं। फायरिंग में चालक को गोली लगी, जबकि बस के शीशे पर भी गोली के निशान मिले हैं। गनीमत रही कि बस में बैठे करीब 50 बच्चों में से किसी को गोली नहीं लगी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी सौरभ कुमार और पिछोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बस को थाने में सुरक्षित खड़ा कराया और सभी बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द किया।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar