सतना-चित्रकूट में बाढ़ का कहर, टूटा बांध और बहा रामघाट पुल; 26 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश,30 अगस्त 2026
मध्य प्रदेश के सतना जिले और चित्रकूट में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। मंदाकिनी नदी का जलस्तर बेहद बढ़ गया है और नदी करीब 30 फीट ऊंची बह रही है।
गोरगी बांध टूटने से कई इलाकों में घुसा पानी
सतना के गोरगी बांध के टूटने से आसपास के कई इलाकों में पानी भर गया है। नागौद, बिरसिंहपुर, मझगवां और सतना के कई हिस्सों में नदी-नाले उफान पर हैं। बिरसिंहपुर के कई मोहल्लों में कमर तक पानी भर गया है। घरों में पानी घुसने से लोगों का सामान खराब हो गया और कई वाहन भी पानी में डूब गए।
नागौद थाने और सिंहपुर चौराहे स्थित पेट्रोल पंप के अंदर तक पानी पहुंच गया। कोतवाली चौक से कलेक्ट्रेट जाने वाले मार्ग पर भी कमर तक पानी भर गया, जिसके कारण आवागमन बंद करना पड़ा।
कोटर, कोठी और अन्य निचले इलाकों में भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। कोठी क्षेत्र में कच्चा मकान ढहने से दो मवेशियों की मौत हो गई। कई इलाकों में हालात ऐसे हैं कि सड़कों पर नाव चलाने की नौबत आ गई है।
चित्रकूट में बह गया 300 मीटर लंबा रामघाट पुल
चित्रकूट में भी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। मंदाकिनी नदी के तेज बहाव के कारण रामघाट का करीब 300 मीटर लंबा पुल बह गया। घाट के किनारे मौजूद कई दुकानें भी पानी में समा गईं।
सती अनुसुइया आश्रम समेत कई धार्मिक स्थलों की ओर जाने वाले रास्ते बंद कर दिए गए हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से घाटों और निचले इलाकों से दूर रहने की अपील की है।
SDRF की टीमें रेस्क्यू में जुटीं
बाढ़ प्रभावित इलाकों में SDRF की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। हेलीकॉप्टर की मदद से छतों पर फंसे लोगों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
बाढ़ का असर रेल सेवा पर भी पड़ा है। चित्रकूट के पास रेल पटरियों पर पानी भरने के कारण दो ट्रेनें खड़ी रह गईं। मुंबई-हावड़ा रेल मार्ग पर भी जलभराव का असर देखने को मिला है।
आज 26 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
देश में मानसून के जोरदार असर के बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 30 अगस्त को देश के 26 राज्यों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है।
अलर्ट वाले राज्यों में उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, त्रिपुरा, नागालैंड, सिक्किम, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना शामिल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती परिसंचरण और मानसून ट्रफ लाइन के प्रभाव से रीवा संभाग में बारिश जारी रहने की संभावना है।
प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। वहीं, प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य लगातार जारी हैं।

