रामपुर आश्रम में सेवा संकल्प अभियान के तहत वन मंत्री केदार कश्यप ने जनभागीदारी से की स्वच्छता, मारकंडी नदी घाट की सफाई

बस्तर, 09 अक्टूबर 2026
बस्तर जिले के ग्राम पंचायत चपका स्थित रामपुर आश्रम में सेवा संकल्प अभियान के तहत जनभागीदारी से स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान वन मंत्री केदार कश्यप ने स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के साथ श्रमदान कर ऐतिहासिक मंदिर परिसर, मारकंडी नदी घाट और प्राकृतिक जल कुंड की साफ-सफाई की। अभियान के माध्यम से स्वच्छता, जलस्रोतों के संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
स्वच्छता अभियान में स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। सभी ने मिलकर नदी घाट, प्राकृतिक जल कुंड और मंदिर परिसर के आसपास फैले कचरे, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट की सफाई की। वन मंत्री केदार कश्यप ने स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों के साथ प्राकृतिक जलस्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है।
अभियान के दौरान ग्रामीणों ने जलस्रोतों को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने का सामूहिक संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत बस्तर की अध्यक्ष वेदवती कश्यप, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप, पंचायत प्रतिनिधि, स्वच्छ भारत मिशन की टीम और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने श्रमदान किया।




