मधोता ने बड़ांजी को 22 रन से हराया, क्रिकेट टूर्नामेंट की ट्रॉफी पर किया कब्जा

बस्तर,21 सितम्बर 2026
बड़े चकवा में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा। फाइनल में मधोता और बड़ांजी की टीमें आमने-सामने हुईं। मधोता ने शानदार बल्लेबाजी और कसी हुई गेंदबाजी के दम पर बड़ांजी को 22 रन से हराकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर मधोता ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवर में 85 रन बनाए। टीम की ओर से मोहित ने 30 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने लगातार तीन छक्के लगाकर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। वहीं दिलीप ने 28 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूती दी।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बड़ांजी की टीम ने रन बनाने का प्रयास किया, लेकिन मधोता के गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा। बड़ांजी की टीम निर्धारित 8 ओवर में 62 रन ही बना सकी।
मधोता की ओर से लोकेश और कमलेश ने 2-2 विकेट लिए, जबकि परमेश्वर नाग ने भी 2 विकेट चटकाए। वहीं मोहित ने गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए।
मधोता ने 22 रन से जीत दर्ज कर फाइनल की ट्रॉफी अपने नाम की। जीत के बाद खिलाड़ियों और समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा। स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की।




