
बकावंड,21 सितम्बर 2026
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए संचालित छात्रवृत्ति योजना के तहत विकासखंड बकावंड के ग्राम वनकोमर के 5 विद्यार्थी सांवरा स्थित दिशा डिजिटल चॉइस सेंटर पहुँचे। विद्यार्थियों ने योजना के तहत मिलने वाली छात्रवृत्ति की वर्तमान स्थिति और आगामी भुगतान की जानकारी ली।
चॉइस सेंटर पहुँचने पर संचालक ने विद्यार्थियों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना और उनके दस्तावेजों की जाँच की। विद्यार्थियों ने बताया कि उनके माता-पिता प्रतिवर्ष वन विभाग के माध्यम से तेंदूपत्ता संग्रहण का कार्य करते हैं। शासन की ओर से संग्राहक परिवारों को बोनस के साथ उनके बच्चों की पढ़ाई के लिए भी छात्रवृत्ति सहायता राशि दी जाती है।
सेंटर पहुँचे विद्यार्थियों में सैतोबती बघेल, लछंती नेताम, उमेश्वर बघेल, चंद्रिका ठाकुर और संपति नेताम शामिल हैं। सभी विद्यार्थी 12वीं कक्षा उत्तीर्ण हैं।
दिशा डिजिटल चॉइस सेंटर सांवरा की ऑपरेटर सुनीता सोनवानी ने बताया कि इस वर्ष योजना के नियमों में बदलाव किया गया है। नई गाइडलाइन के अनुसार 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी ही योजना के लिए पात्र होंगे। इसके तहत 10वीं पास विद्यार्थियों को 15 हजार रुपये और 12वीं पास विद्यार्थियों को 25 हजार रुपये की छात्रवृत्ति राशि दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि सभी 5 विद्यार्थियों के दस्तावेजों की जाँच कर उन्हें पात्र पाया गया है। उनके आवेदन वन विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन अपडेट कर दिए गए हैं। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद छात्रवृत्ति की राशि डीबीटी के माध्यम से विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।




