छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में बैलाडिला बुल्स की पहली जीत, राजधानी रॉयल्स बाहर, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स का मुकाबला ड्रॉ

रायपुर, 29 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में बुधवार को खेले गए मुकाबलों में बैलाडिला बुल्स ने राजधानी रॉयल्स को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। इस जीत के साथ बुल्स ने सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार रखी हैं, जबकि राजधानी रॉयल्स बिना कोई मैच जीते टूर्नामेंट से बाहर हो गई। वहीं, दूसरे मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच मैच 1-1 से ड्रॉ रहा। इस परिणाम के बाद मैनपाट टाइटन्स को सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के लिए अगले मुकाबले का इंतजार करना होगा।
बैलाडिला बुल्स ने 1-0 से दर्ज की पहली जीत
बारिश के कारण करीब एक घंटे की देरी से शुरू हुए मुकाबले में बैलाडिला बुल्स ने शानदार शुरुआत की। लीग में अपनी पहली जीत की तलाश कर रही बुल्स की टीम को शुरुआती गोल के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ा। राहुल यादव ने सर्कल में मिले मौके पर जोरदार शॉट लगाकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।
बारिश और गीले मैदान के कारण दोनों टीमों के खिलाड़ियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। गेंद सही जगह तक पहुंचाने और तेज शॉट लगाने में भी दिक्कतें आईं। इसके बावजूद खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास किया। पूरे 60 मिनट के मुकाबले में राहुल यादव का गोल ही निर्णायक साबित हुआ।
गीले मैदान पर गोल के लिए संघर्ष करती दिखीं टीमें
मैच के दौरान बैलाडिला बुल्स ने दूसरा गोल करने का प्रयास किया। गोपाल पैकरा ने गेंद को गोलपोस्ट की ओर पहुंचाया, लेकिन अंपायर ने इस गोल को अमान्य करार दिया।
बुल्स के जसकरण को पेनल्टी कॉर्नर के कुछ मौके भी मिले, लेकिन इंजेक्शन सही तरीके से नहीं होने के कारण टीम इन अवसरों का फायदा नहीं उठा सकी। पहले हाफ के अंत तक बुल्स ने 1-0 की बढ़त बनाए रखी।
तीसरे और चौथे क्वार्टर में भी बारिश का असर देखने को मिला। सर्कल में पानी भरने के कारण फॉरवर्ड खिलाड़ियों को अपनी रणनीति के अनुसार खेलने में परेशानी हुई। दूसरी ओर, राजधानी रॉयल्स की टीम पेनल्टी कॉर्नर पर एक भी गोल नहीं कर सकी। यह उसकी हार के प्रमुख कारणों में से एक रहा।
इस मुकाबले में हिमांशु को प्लेयर ऑफ द मैच और राहुल यादव को स्ट्राइकर ऑफ द मैच चुना गया।
न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स का मैच 1-1 से ड्रॉ
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के एक अन्य मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स ने 1-1 से ड्रॉ खेला। दोनों टीमों के बीच मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण रहा। न्यायधानी नाइट्स की ओर से केतन ने दूसरे क्वार्टर में गोल किया, जबकि चौथे क्वार्टर में मोहित नायक ने गोल कर मैनपाट टाइटन्स को बराबरी दिलाई।
पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन कोई भी टीम सफलता हासिल नहीं कर सकी। दूसरे क्वार्टर के अंतिम चरण में न्यायधानी नाइट्स ने बढ़त बनाई। केतन ने रिबाउंड पर गेंद को गोलकीपर के पार पहुंचाकर टूर्नामेंट का अपना छठा गोल किया। हाफ टाइम तक नाइट्स 1-0 से आगे रही।
मोहित नायक ने टाइटन्स को दिलाई बराबरी
तीसरे क्वार्टर में न्यायधानी नाइट्स के डिफेंस ने मजबूत प्रदर्शन किया और मैनपाट टाइटन्स की फॉरवर्ड लाइन को गोल करने का मौका नहीं दिया। इसके चलते स्कोर 1-0 पर बना रहा।
हालांकि, चौथे क्वार्टर में मैनपाट टाइटन्स ने आक्रमण तेज किया और ज्यादा खिलाड़ियों को अटैक में लगाया। इसका फायदा टीम को मिला और मोहित नायक ने गोल कर मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया।
इस मैच में केतन को स्ट्राइकर ऑफ द मैच और मोहित नायक को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
सेमीफाइनल की दौड़ में टाइटन्स की नजर अगले मैच पर
ड्रॉ के बाद मैनपाट टाइटन्स को सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने के लिए अगले मुकाबले का इंतजार करना होगा। टीम के पास 29 अक्टूबर को संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के खिलाफ मुकाबले में सेमीफाइनल में पहुंचने का मौका रहेगा। वहीं, पहले से सेमीफाइनल में जगह बना चुकी न्यायधानी नाइट्स ने ड्रॉ के साथ अपना मुकाबला समाप्त किया।




