मनोरंजन

करवाचौथ 2026 पर बॉलीवुड अभिनेत्रियों का दिखा पारंपरिक अंदाज, शिल्पा शेट्टी की गुलाबी साड़ी और मीरा राजपूत का लुक छाया

एंटरटेनमेंट डेस्क,30 अक्टूबर 2026

मुंबई। करवाचौथ का त्योहार हो और बॉलीवुड में इसकी रौनक न दिखे, ऐसा कैसे हो सकता है।  देशभर में सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी उम्र की कामना के साथ करवाचौथ का व्रत रखा। फिल्मी सितारों ने भी इस त्योहार को पूरे उत्साह और पारंपरिक अंदाज में मनाया।

इस मौके पर मुंबई में अभिनेता अनिल कपूर के घर करवाचौथ की खास रौनक देखने को मिली। हर साल की तरह इस बार भी सुनीता कपूर ने अपने घर पर समारोह आयोजित किया, जिसमें कई अभिनेत्रियां पारंपरिक परिधानों में शामिल हुईं। शिल्पा शेट्टी की गुलाबी साड़ी से लेकर मीरा राजपूत के सादगी भरे लुक तक, सितारों के अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा में रहे।

गुलाबी साड़ी में शिल्पा, बेज साड़ी में दिखीं मीरा राजपूत

सुनीता कपूर के घर आयोजित करवाचौथ समारोह में पहुंचीं शिल्पा शेट्टी गुलाबी साड़ी में नजर आईं। उनके पारंपरिक लुक ने सभी का ध्यान खींचा। इस बार उनकी मेहंदी भी चर्चा में रही, क्योंकि उन्होंने हथेली पर बेहद छोटा और सादा डिजाइन बनवाया था।

वहीं, शाहिद कपूर की पत्नी मीरा राजपूत बेज रंग की साड़ी और पोटली बैग में खूबसूरत नजर आईं। समारोह में हरभजन सिंह की पत्नी पिंक शरारा पहनकर पहुंचीं। फिल्म निर्देशक कबीर खान की पत्नी लाल साड़ी में दिखीं, जबकि आयुष्मान खुराना की पत्नी ताहिरा कश्यप ने भी लाल साड़ी में पारंपरिक अंदाज दिखाया।

इसके अलावा महीप कपूर और भावना पांडे सूट में नजर आईं। वहीं नीलम कोठारी का हरे रंग का सूट भी लोगों को पसंद आया।

प्रियंका चोपड़ा ने दिखाई खास मेहंदी की झलक

करवाचौथ की तैयारियों में प्रियंका चोपड़ा भी पीछे नहीं रहीं। अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर अपने हाथों की मेहंदी की तस्वीरें साझा कीं। उनकी मेहंदी में पति निक जोनस और बेटी मालती मैरी से जुड़े खास संकेत नजर आए।

प्रियंका ने मेहंदी का रंग गहरा करने के लिए चीनी की चाशनी से जुड़े पारंपरिक घरेलू नुस्खे का भी जिक्र किया। वहीं टीवी अभिनेत्री हिना खान ने भी अपनी मेहंदी की तस्वीरें साझा कर प्रशंसकों को करवाचौथ की बधाई दी।

शादी के बाद पहली बार करवाचौथ मना रहीं कई अभिनेत्रियां

इस साल कुछ अभिनेत्रियों के लिए करवाचौथ का त्योहार और भी खास रहा, क्योंकि वे शादी के बाद पहली बार यह पर्व मना रही हैं।

कृति खरबंदा ने अपनी मेहंदी की झलक साझा की। पुलकित सम्राट से शादी के बाद यह उनका पहला करवाचौथ है। वहीं अंशुला कपूर भी पति रोहन के साथ पहली बार यह त्योहार मना रही हैं। उन्होंने अपनी शादी के खूबसूरत पलों का वीडियो साझा किया।

इसके अलावा नूपुर सेनन, कृतिका कामरा और आकांक्षा रंजन कपूर भी शादी के बाद अपना पहला करवाचौथ मना रही हैं। सोशल मीडिया पर इन अभिनेत्रियों की तैयारियों और त्योहार से जुड़ी तस्वीरों को लेकर प्रशंसकों में खास दिलचस्पी देखने को मिली।

महीप कपूर ने ताजा कीं पुरानी यादें, अर्जुन बिजलानी ने दिया सरप्राइज

करवाचौथ के मौके पर महीप कपूर ने अपना एक पुराना वीडियो साझा किया। इसमें उनकी पिछली करवाचौथ की तैयारियां, मेहंदी की रस्में और सरगी से जुड़े पल नजर आए। उनके इस पोस्ट ने त्योहार से जुड़ी पुरानी यादें ताजा कर दीं।

वहीं टीवी जगत की युविका चौधरी और सुरभि चंदना ने भी आरती सिंह के साथ मेहंदी की तैयारियों का वीडियो साझा किया।

अभिनेता अर्जुन बिजलानी ने भी करवाचौथ से पहले अपनी पत्नी को खास सरप्राइज दिया। उन्होंने पत्नी के लिए लग्जरी कार खरीदी और इस तोहफे का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया।

हर साल खास रहता है सुनीता कपूर के घर का आयोजन

अनिल कपूर के घर होने वाला करवाचौथ समारोह बॉलीवुड की चर्चित परंपराओं में शामिल है। सुनीता कपूर हर साल इस मौके पर फिल्मी सितारों को आमंत्रित करती हैं। इस बार भी कई अभिनेत्रियां सज-धजकर उनके घर पहुंचीं।

फिलहाल शिल्पा शेट्टी की गुलाबी साड़ी, मीरा राजपूत का सादा अंदाज और प्रियंका चोपड़ा की खास मेहंदी त्योहार की चर्चाओं में बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar