छत्तीसगढ़जगदलपुर

बस्तर में धाकड़ क्षत्रिय राजपूत समाज का युवा-युवती संवाद, शिक्षा और सामाजिक एकता पर हुआ मंथन

जगदलपुर, 20 जुलाई 2026

बस्तर धाकड़ क्षत्रिय राजपूत समाज युवा संगठन, जगदलपुर द्वारा रविवार को युवा-युवती संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से सैकड़ों युवाओं ने भाग लेकर समाज को संगठित और सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम और माँ दंतेश्वरी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित युवाओं ने हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया। इस अवसर पर सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर, कोंडागांव, केशकाल सहित जगदलपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए।

वक्ताओं ने कहा कि बदलते समय में समाज को सशक्त बनाने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है। उन्होंने इसे केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नए नेतृत्व के निर्माण और सामाजिक जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

संवाद के दौरान शिक्षा, रोजगार, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन तथा आपसी सहयोग जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संगठन का विस्तार गाँव-गाँव तक किया जाएगा और युवाओं को जोड़ने के लिए नियमित अभियान एवं बैठकें आयोजित की जाएंगी।

कार्यक्रम में महिलाओं और युवतियों की भागीदारी को विशेष महत्व दिया गया। समाज के उत्थान में उनकी भूमिका को मजबूत बनाने के उद्देश्य से “युवती संवाद” मंच के गठन का प्रस्ताव भी पारित किया गया, ताकि समाज की बहनें नेतृत्व की भूमिका निभाते हुए अपनी बात प्रभावी ढंग से रख सकें।

समापन सत्र में आगामी रणनीति पर चर्चा करते हुए ऑनलाइन समीक्षा बैठक आयोजित करने तथा भविष्य में और बड़े स्तर पर युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने शिक्षा को बढ़ावा देने, सामाजिक एकता मजबूत करने और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण का संकल्प लिया। आयोजन को सफल बनाने के लिए बस्तर धाकड़ क्षत्रिय राजपूत समाज युवा संगठन, जगदलपुर ने सभी प्रतिभागियों, पदाधिकारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar