छत्तीसगढ़

कोलियारी में अतिक्रमण हटाने पर बवाल: 50 से ज्यादा घरों को नोटिस, राजस्व टीम का ग्रामीणों ने किया घेराव

धमतरी। रायपुर के नकटी गांव के बाद अब धमतरी जिले के कोलियारी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर विवाद गहरा गया है। मंगलवार को 50 से अधिक मकानों को खाली करने के लिए राजस्व विभाग द्वारा नोटिस दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और मौके पर पहुंची राजस्व टीम का घेराव कर दिया। इस दौरान अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन एक निजी संस्थान को जमीन उपलब्ध कराने के लिए वर्षों से रह रहे लोगों पर दबाव बना रहा है। उनका कहना है कि बिना उचित पुनर्वास के उन्हें घर खाली करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई वापस नहीं ली गई तो वे आंदोलन तेज करेंगे।

वहीं राजस्व विभाग का कहना है कि संबंधित भूमि पर 50 से अधिक मकान अतिक्रमण कर बनाए गए हैं। नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया के तहत सभी संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर भूमि खाली करने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों ने जल्द से जल्द अतिक्रमित भूमि खाली करने को कहा है। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar