छत्तीसगढ़

फेसबुक दोस्ती से शुरू हुआ रिश्ता, बना खौफनाक जाल: SI पर रेप, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल और गर्भपात कराने का आरोप

सक्ति, 24 अप्रैल 2026

सक्ती (छत्तीसगढ़) में एक सब-इंस्पेक्टर (SI) पर शादीशुदा महिला ने दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि आरोपी SI ने पहले खुद को अविवाहित बताकर उससे संबंध बनाए, फिर उसके निजी वीडियो बनाकर उसे धमकाने लगा।

पीड़िता के अनुसार, दोनों की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद मुलाकातें शुरू हुईं और इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला का आरोप है कि इस दौरान SI ने चोरी-छिपे उसके आपत्तिजनक वीडियो बना लिए।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि वह गर्भवती हो गई थी, जिसके बाद SI ने उसे बिना जानकारी दिए दवाइयां देकर गर्भपात करा दिया। बाद में उसे पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है।

पीड़िता का कहना है कि जब उसने इसका विरोध किया तो SI ने वीडियो वायरल करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। आरोप है कि 28 मार्च 2026 को एसडीओपी कार्यालय के सामने भी उसे धमकाया गया, जिससे दबाव में आकर उसने अपनी शिकायत वापस ले ली थी।

महिला ने 29 जनवरी 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसकी जांच एसडीओपी स्तर पर सौंपी गई थी। हालांकि, पीड़िता का आरोप है कि कई बार एसपी और आईजी कार्यालय में शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

इस पूरे मामले में आरोपी SI ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। वहीं, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

पीड़िता ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी, गर्भपात कराने और ब्लैकमेलिंग के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar