भानपुरी में बेखौफ चोरों का आतंक: थाने से 50 मीटर दूर ज्वेलर्स समेत 6 दुकानों में चोरी, पूर्व विधायक ने पुलिस पर उठाए सवाल

भानपुरी, बस्तर। बस्तर जिले के भानपुरी थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पिछले एक महीने के भीतर ज्वेलरी दुकान सहित आधा दर्जन दुकानों में चोरी की वारदातें सामने आई हैं। सबसे बड़ी घटना 1 जुलाई की रात भानपुरी चौक स्थित नव्या ज्वेलर्स में हुई, जहां अज्ञात चोर करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और चांदी लेकर फरार हो गए।
इसके अलावा रानीगुड़ा मार्ग स्थित राकेश जैन की दुकान से मोबाइल कवर, ईयरफोन और गिफ्ट आइटम सहित करीब 15 हजार रुपये का सामान चोरी हुआ। वहीं अस्पताल के पास तुलसी कश्यप की किराना दुकान से भी करीब 15 हजार रुपये के सामान पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि चोर पहले कई दिनों तक रेकी करते हैं और फिर रात में ताला तोड़कर वारदात को अंजाम देते हैं।
सीसीटीवी बंद होने से बढ़ा चोरों का हौसला
ग्रामीणों का आरोप है कि भानपुरी चौक और आसपास सुरक्षा के लिए लगाए गए अधिकांश सीसीटीवी कैमरे महीनों से बंद पड़े हैं। इससे चोरों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल पा रहा है। लोगों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल उठाते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने सरकार और पुलिस को घेरा
पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि भानपुरी थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर सोने की दुकान सहित कई प्रतिष्ठानों में चोरी होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र प्रदेश के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप का गृह क्षेत्र है, फिर भी व्यापारी सुरक्षित नहीं हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि यदि भानपुरी चौक के सीसीटीवी कैमरे चालू होते तो चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता था। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सभी खराब कैमरों को तत्काल दुरुस्त करने, रात्रि गश्त बढ़ाने और सभी चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है।
आंदोलन की चेतावनी
पूर्व विधायक ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी नहीं हुई और व्यापारियों को सुरक्षा नहीं मिली, तो स्थानीय नागरिकों और व्यापारी संघ के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।




