ग्राम करका में श्रम विभाग का विशेष शिविर: 62 श्रमिकों का पंजीयन, योजनाओं से जुड़ने का मिला लाभ

Jagdalpur, 20 अप्रैल 2026/ जिले के विकासखंड दरभा अंतर्गत ग्राम करका में सोमवार को श्रम विभाग द्वारा विशेष पंजीयन एवं नवीनीकरण शिविर का आयोजन किया गया। वनांचल क्षेत्र में आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला और सुबह से ही लोग अपने दस्तावेज लेकर पहुंचने लगे।
दिनभर चले शिविर में कुल 62 श्रमिकों का पंजीयन व नवीनीकरण किया गया, जिससे वे अब सीधे तौर पर शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के पात्र बन गए हैं।
श्रम पदाधिकारी के अनुसार, शिविर में असंगठित क्षेत्र के 29 श्रमिकों का नया पंजीयन किया गया, जबकि भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के तहत 33 श्रमिकों का पंजीयन व नवीनीकरण किया गया।
शिविर के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि पंजीयन कार्ड के माध्यम से उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य और पेंशन योजनाओं का लाभ मिलेगा। साथ ही उपस्थित लोगों को विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई।




