बस्तर के सिटी ग्राउंड में गूंजी शहनाइयां,280 जोड़े एक साथ परिणय सूत्र में बंधे!


,,मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत भव्य आयोजन, 6,412 शादियों के साथ छत्तीसगढ़ ने रचा विश्व कीर्तिमान,,!

जगदलपुर, 10 फरवरी 2026/ बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर का प्रतिष्ठित सिटी ग्राउंड मंगलवार को ऐतिहासिक क्षणों का साक्षी बना, जब मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 280 जोड़ों ने एक ही मंडप के नीचे वैवाहिक जीवन की सामूहिक शुरुआत की। जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस भव्य और गरिमामय समारोह में सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक परंपरा और सरकारी संवेदनशीलता का अद्भुत संगम देखने को मिला। यह आयोजन उस समय और भी गौरवपूर्ण बन गया, जब पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश में एक साथ 6,412 जोड़ों का विवाह संपन्न कराकर राज्य का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। इसी क्रम में जगदलपुर का यह आयोजन अपनी पारंपरिक भव्यता और बस्तर की सांस्कृतिक छटा के कारण विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य बारात के साथ हुआ, जिसमें 280 वर अपने परिजनों के साथ शामिल हुए। वरों की माताएं हाथों में कलश और दीप लेकर परंपरा अनुसार बारात में शामिल रहीं। बस्तर की पारंपरिक बाजा–मोहरी की मधुर स्वर लहरियों के बीच निकली बारात ने पूरे सिटी ग्राउंड को उत्सव के रंग में रंग दिया।
विवाह मंडप में हरिद्रालेपन, जयमाला, सप्तपदी और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह की सभी रस्में विधिवत संपन्न हुईं। हवन कुंड से उठती सुगंधित आहुतियों ने वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। नवविवाहित जोड़ों ने एक-दूसरे के साथ जीवन भर साथ निभाने का संकल्प लिया, जिससे पूरे परिसर में भावुक और उल्लासपूर्ण माहौल बना रहा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए एक मजबूत सहारा है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि पूर्व में निर्धन परिवारों को बेटियों के विवाह के लिए अपनी संपत्ति तक गिरवी रखनी पड़ती थी, लेकिन वर्ष 2005 में तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में इस योजना की शुरुआत कर शासन ने यह जिम्मेदारी स्वयं उठाई। उन्होंने बताया कि योजना की सहायता राशि 5 हजार रुपये से बढ़कर आज 50 हजार रुपये तक पहुंच चुकी है, जो सामाजिक सशक्तिकरण का जीवंत उदाहरण है।
कार्यक्रम में अनेक जनप्रतिनिधि एवं विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे, जिनमें महापौर संजय पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी तथा जनपद पंचायत अध्यक्ष पदलाम नाग शामिल थे। सभी अतिथियों ने नवदंपत्तियों को सुखमय, समृद्ध और मंगलमय दांपत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में डिप्टी कलेक्टर सुश्री नंदिनी साहू, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग मनोज सिन्हा, सहित विभागीय अधिकारी–कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित यह सामूहिक विवाह समारोह न केवल सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक बना, बल्कि गरीब परिवारों के लिए शासन की संवेदनशील सोच और जनकल्याणकारी प्रतिबद्धता का भी सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करता नजर आया।




