छत्तीसगढ़

SECL दीपका खदान में दो करोड़ का डंपर धू-धूकर जला, इंजन से धुआं निकलते ही भड़की भीषण आग

कोरबा,7 अक्टूबर 2026

SECL के दीपका मेगा प्रोजेक्ट क्षेत्र में बुधवार को खनन कार्य में लगे निजी कंपनी कलिंगा कमर्शियल के डंपर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा डंपर उसकी चपेट में आ गया। करीब दो करोड़ रुपये कीमत का डंपर पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना के दौरान डंपर खदान के भीतर खनन कार्य में लगा हुआ था। इसी दौरान इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही वाहन में आग की लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते आग ने पूरे डंपर को अपनी चपेट में ले लिया।

स्थिति को भांपते हुए चालक ने समय रहते डंपर से कूदकर अपनी जान बचाई। चालक की सूझबूझ के कारण हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

डंपर में आग लगने की सूचना मिलते ही SECL का सुरक्षा अमला और दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने की कार्रवाई की गई। घटना के बाद खदान क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

बताया गया है कि हादसे में करीब दो करोड़ रुपये का भारी-भरकम खनन डंपर जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar