
जगदलपुर, 7 अगस्त 2026
जिला पंचायत बस्तर के सभागार में आयोजित सामान्य सभा की बैठक में जिले के सर्वांगीण विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप ने की, जबकि मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) तन्मय खन्ना पहली बार बैठक में शामिल हुए।
जनसमस्याओं के समयबद्ध समाधान पर जोर
बैठक में वेदवती कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सामान्य सभा में उठाए गए जनहित के मुद्दों का निर्धारित समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्कूल भवनों की मरम्मत, आंगनबाड़ी केंद्रों की साफ-सफाई, खाद-बीज की उपलब्धता, बिजली व्यवस्था और विभिन्न समितियों की नियमित बैठकें आयोजित करने पर विशेष जोर दिया।
विकास कार्यों की नई कार्ययोजना तैयार होगी
सीईओ तन्मय खन्ना ने कहा कि मनरेगा और पीएम जनमन योजना के माध्यम से जिले के विकास को नई गति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों की तुलना में लगभग दोगुना बजट खर्च करने के लिए विस्तृत स्पेंडिंग प्लान तैयार किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत में पक्के स्कूल भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, शौचालय, शेड और पीडीएस दुकानों जैसी स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण पर जोर दिया जाएगा।
स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क परियोजनाओं की समीक्षा
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए मौसमी बीमारियों की रोकथाम, दवाओं की उपलब्धता, 102 और 108 एम्बुलेंस सेवाओं तथा स्वास्थ्य कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। वहीं लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत सड़क एवं भवन निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
आवास, पोषण और सामाजिक योजनाओं पर भी चर्चा
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत स्वीकृत आवासों, दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग वितरण, रेडी-टू-ईट व्यवस्था तथा 16वें वित्त आयोग के अंतर्गत प्रस्तावित कार्ययोजना का अनुमोदन किया गया। साथ ही आजीविका संवर्धन, स्कूल ड्रॉपआउट रोकने, कुपोषण मुक्ति और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत अध्यक्ष तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




