प्रेमानंद महाराज की तबीयत बिगड़ी, पदयात्रा और एकांत वार्ता कार्यक्रम स्थगित

मथुरा, 18/05/26। प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज की तबीयत एक बार फिर खराब हो गई है। स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों को देखते हुए उनकी पदयात्रा और एकांत वार्ता कार्यक्रम को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। इस संबंध में श्री राधा हित केली कुंज आश्रम की ओर से आधिकारिक सूचना जारी की गई है।
आश्रम प्रशासन के मुताबिक, पिछले दो दिनों से प्रेमानंद महाराज का स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा है। इसी कारण फिलहाल श्रद्धालुओं के लिए आयोजित होने वाली पदयात्रा और एकांत वार्ता कार्यक्रम बंद कर दिए गए हैं। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद ही कार्यक्रम दोबारा शुरू किए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार, प्रेमानंद महाराज प्रतिदिन सुबह 3 बजे वृंदावन परिक्रमा मार्ग पर पदयात्रा निकालते थे, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर उनके दर्शन करते थे। इसके बाद वे भक्तों के साथ एकांत वार्ता भी करते थे।
बताया जाता है कि प्रेमानंद महाराज पिछले करीब 20 वर्षों से किडनी की समस्या से जूझ रहे हैं और नियमित रूप से डायलिसिस कराया जाता है। इसी वजह से उनके स्वास्थ्य में समय-समय पर उतार-चढ़ाव आता रहता है।
गौरतलब है कि देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कई नामचीन हस्तियां प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए वृंदावन पहुंचती हैं। बीते मार्च महीने में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी केली कुंज आश्रम पहुंची थीं, जहां उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया था।




