तारापुर और बनियागांव की मितानिनों को विधायक लखेश्वर बघेल ने वितरित कीं डिजिटल बीपी मशीनें, ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती

बस्तर, 9 जुलाई 2026
बस्तर विधायक एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपनेता प्रतिपक्ष लखेश्वर बघेल ने जनस्वास्थ्य को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए तारापुर एवं बनियागांव की मितानिनों को डिजिटल ब्लड प्रेशर (बीपी) मशीनों का वितरण किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहली कड़ी मितानिन बहनें हैं, जो घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की देखभाल करती हैं। आधुनिक स्वास्थ्य उपकरण मिलने से वे अपनी जिम्मेदारियों का अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकेंगी।
इस अवसर पर लखेश्वर बघेल ने कहा कि उच्च रक्तचाप (हाई ब्लड प्रेशर) जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान और नियमित जांच बेहद जरूरी है। डिजिटल बीपी मशीनों की मदद से अब ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों का रक्तचाप आसानी से जांचा जा सकेगा, जिससे गंभीर बीमारियों का समय रहते पता लगाकर उचित उपचार सुनिश्चित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज ही विकसित समाज की पहचान है और ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने मितानिनों की सेवा भावना और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि वे विपरीत परिस्थितियों में भी गांव-गांव पहुंचकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण, जनजागरूकता और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और समाज को उनके कार्यों का सम्मान करते हुए उन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित मितानिनों ने डिजिटल बीपी मशीनें उपलब्ध कराने के लिए विधायक लखेश्वर बघेल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस उपकरण की सहायता से अब ग्रामीणों की नियमित स्वास्थ्य जांच पहले की तुलना में अधिक सरल और प्रभावी होगी, जिससे लोगों को समय पर स्वास्थ्य संबंधी सलाह और उपचार मिल सकेगा।




