छत्तीसगढ़जगदलपुर

पूरे भारत में मेडिकल स्टोर बंद : बस्तर में BCDA का जोरदार प्रदर्शन, ऑनलाइन दवा बिक्री बंद करने की मांग

जगदलपुर , 20/05/26 । देशव्यापी बंद के आह्वान के तहत बस्तर जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन (BCDA) ने बुधवार को महारानी अस्पताल के सामने एक दिवसीय सांकेतिक बंद और धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में दवा व्यापारी मौजूद रहे और अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की।

धरना प्रदर्शन में संगठन के अध्यक्ष, सचिव सहित अन्य पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। केमिस्ट्स का कहना है कि ऑनलाइन दवा बिक्री, बड़ी कंपनियों द्वारा भारी डिस्काउंट और नकली दवाओं का बढ़ता कारोबार दवा व्यवसाय के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। उन्होंने सरकार से ऑनलाइन दवा बिक्री पर तत्काल रोक लगाने और दवा व्यापार को सुरक्षित एवं व्यवस्थित करने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट (AIAOCD) के समर्थन से किए गए इस प्रदर्शन में व्यापारियों ने बड़े बंद का भी संकेत दिया।

इस आंदोलन को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) का समर्थन भी मिला, जिससे केमिस्ट्स की मांगों को और मजबूती मिली। हालांकि प्रदर्शन के दौरान आम मरीजों को परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई थी, ताकि इमरजेंसी मरीजों को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।

केमिस्ट्स का कहना है कि दवा कारोबार को बचाने और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार को जल्द ठोस कदम उठाने होंगे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar