छत्तीसगढ़बिलासपुर संभाग

भीषण सड़क हादसा: रायपुर-कोरबा हाईवे पर ट्राला में लगी आग, ड्राइवर जिंदा जला

तखतपुर/बिलासपुर, 19 अप्रैल 2026।
छत्तीसगढ़ में रायपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। समलपुरी ब्रिज के पास तेज रफ्तार ट्राला अज्ञात वाहन से टकरा गया, जिसके बाद ट्राला में भीषण आग लग गई। हादसा इतना भयावह था कि ट्राला चालक जिंदा जल गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान झारखंड निवासी अरविंद भारद्वाज के रूप में हुई है। यह पूरा मामला सकरी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। हाईवे पर यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए क्षतिग्रस्त वाहन को हटाने का प्रयास जारी है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक को झपकी आना माना जा रहा है। सकरी थाना प्रभारी विजय चौधरी अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद हैं और मामले की जांच जारी है।


नारायणपुर में भी बड़ा हादसा, 17 घायल

इधर, नारायणपुर जिले में भी रफ्तार का कहर देखने को मिला। आमदई लौह अयस्क खदान से कर्मचारियों को लेकर जा रही बस और ट्रक के बीच धोड़ाई के पास जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में 17 लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को प्राथमिक इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र धोड़ाई ले जाया गया, जबकि गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।


फिलहाल दोनों घटनाओं में पुलिस जांच जारी है और प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar