छत्तीसगढ़

सुशासन तिहार बना किसानों की उम्मीद, लेखूराम को शिविर में तुरंत मिली किसान किताब


सुशासन तिहार 2026 के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के लोगों के लिए राहत का बड़ा माध्यम बनता जा रहा है। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पीपरखारकला निवासी किसान लेखूराम को शिविर में तत्काल किसान किताब उपलब्ध कराई गई, जिससे उन्हें खेती-किसानी से जुड़ी योजनाओं का लाभ मिलने का रास्ता आसान हो गया।

क्लस्टर ग्राम पंचायत बुढ़ानछापर में आयोजित शिविर में किसान लेखूराम ने किसान किताब बनवाने के लिए आवेदन दिया था। आवेदन मिलते ही राजस्व विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर ही उन्हें किसान किताब सौंप दी। अपनी समस्या का तुरंत समाधान होने पर किसान ने खुशी जाहिर करते हुए शासन और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

लेखूराम ने बताया कि किसान किताब नहीं होने के कारण उन्हें खाद-बीज लेने, कृषि ऋण प्राप्त करने और किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) जैसी सुविधाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही थी। कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती थी। अब किसान किताब मिलने से उन्हें सहकारी समिति से आसानी से खाद-बीज मिल सकेगा और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ भी मिल पाएगा।

उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर आयोजित ऐसे शिविर ग्रामीणों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रहे हैं, क्योंकि अब लोगों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए दूर-दराज कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।

किसान लेखूराम ने विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सुशासन तिहार वास्तव में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रभावी माध्यम बन चुका है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar