छत्तीसगढ़

विधानसभा में आज ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ विधेयक होगा पारित, उद्योग निवेश को मिलेगा बढ़ावा

रायपुर, 16 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का आज चौथा दिन है। आज का दिन विधायी और नीतिगत दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सदन में छत्तीसगढ़ ईज ऑफ डूइंग बिजनेस विधेयक पारित किया जाएगा। साथ ही उद्योग मंत्री औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन संशोधन अधिनियम भी सदन में पेश करेंगे, जिसका उद्देश्य प्रदेश में निवेश को प्रोत्साहित करना और उद्योगों के लिए प्रक्रियाओं को और अधिक सरल बनाना है।

प्रश्नकाल के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल, रामविचार नेताम और ओपी चौधरी विभिन्न विभागों से जुड़े प्रश्नों का उत्तर देंगे। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और दयालदास बघेल सदन के पटल पर विभिन्न पत्र रखेंगे।

आज सदन में 63 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव सूचीबद्ध हैं, जबकि 8 विधायक अपनी याचिकाएं प्रस्तुत करेंगे। गृहमंत्री विजय शर्मा छत्तीसगढ़ अग्निशमन एवं आपातकालीन (सेवा) संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए सदन में प्रस्तुत करेंगे।

विधायक सुशांत शुक्ला सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) से जुड़े मुद्दे पर सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे, जिसका जवाब खाद्य मंत्री दयालदास बघेल देंगे। इसके अलावा वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर राज्य में बढ़ते प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने के संबंध में अशासकीय संकल्प प्रस्तुत करेंगे।

वहीं विधायक सुशांत शुक्ला प्रदेश में समर्पित खेल विश्वविद्यालय की स्थापना का प्रस्ताव भी सदन के समक्ष रखेंगे। माना जा रहा है कि इन मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच विस्तृत चर्चा देखने को मिल सकती है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar