छत्तीसगढ़

10 साल से बिस्तर पर जिंदगी काट रहे दिव्यांग युवक ने लगाई इच्छा मृत्यु की गुहार, सीबीआई जांच और इलाज की भी मांग

धमतरी, 17 जुलाई 2026

धमतरी जिले के नगरी तहसील अंतर्गत देवपुर गांव के निवासी शशिकांत भरत ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए राज्य सरकार से इच्छा मृत्यु की अनुमति देने की मांग की है। उन्होंने विधायक, कलेक्टर और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को संबोधित आवेदन में कहा कि यदि उनके हाथ-पैर काम करते तो वे वर्षों पहले आत्महत्या कर चुके होते।

शशिकांत के अनुसार, 11 नवंबर 2016 को भटगांव आईटीआई से गांव लौटते समय दुकली (गचकन्हार) के पास अज्ञात लोगों ने उन पर हमला किया। इस हमले में उन्हें सर्वाइकल इंजरी हुई, जिससे उनका पूरा शरीर पैरालाइज हो गया और वे पिछले 10 वर्षों से बिस्तर पर जीवन बिताने को मजबूर हैं।

उन्होंने बताया कि इलाज के लिए उनके परिवार ने कर्ज और ऊंचे ब्याज पर पैसे लेकर उपचार कराया, लेकिन आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती गई। आज भी परिवार की आय का बड़ा हिस्सा पुराने कर्ज चुकाने में खर्च हो जाता है, जिसके कारण आगे का इलाज संभव नहीं हो पा रहा है।

शशिकांत ने आरोप लगाया कि घटना की शिकायत पुलिस में की गई थी, लेकिन मामले की गंभीर जांच नहीं हुई। उनका कहना है कि कमजोर कार्रवाई के कारण उनके माता-पिता को मामला वापस लेना पड़ा।

उन्होंने बताया कि 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यक्रम में भी अपनी समस्या रखने का प्रयास किया था। सरकार बदलने के बाद उन्होंने कई बार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मिलने की कोशिश की, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी और उन्हें अपना आवेदन आवेदन पेटी में डालना पड़ा।

अपने निवेदन में शशिकांत भरत ने कहा है कि यदि सरकार उनका समुचित इलाज नहीं करा सकती और मामले की निष्पक्ष जांच नहीं करवा सकती, तो उन्हें इच्छा मृत्यु की अनुमति दी जाए। साथ ही उन्होंने मामले की सीबीआई जांच और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी की है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar