बस्तर के मधोता में भव्य महा रुद्राभिषेक, उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

बस्तर,12 अगस्त 2026
पवित्र श्रावण मास के दूसरे सोमवार को बस्तर की पावन धरा मधोता में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। आर्ट ऑफ लिविंग परिवार द्वारा ग्राम मधोता में भव्य महा रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। संध्या कालीन रुद्र पूजा में बस्तर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
इस धार्मिक अनुष्ठान को संपन्न कराने के लिए विशेष रूप से बैंगलोर आश्रम से स्वामी प्रभात जी और मंत्र अभिषेक पंडितों की टोली मधोता पहुंची। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ भगवान शिव का अभिषेक किया गया। स्वामी प्रभात जी की उपस्थिति, वैदिक मंत्रोच्चार और भक्तिमय भजनों से पूरा वातावरण आध्यात्मिक और भक्तिमय हो उठा।
दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का विधिवत पूजन किया। भक्तों ने जल, दूध और विशेष पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कई श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक कर विश्व कल्याण एवं लोक-शांति की प्रार्थना की।
आर्ट ऑफ लिविंग के स्थानीय प्रतिनिधियों ने बताया कि इस वृहद आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के माध्यम से समाज में सकारात्मक सोच, शांति और आध्यात्मिकता का विस्तार करना है। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आर्ट ऑफ लिविंग परिवार ने सभी सेवादारों, स्थानीय नागरिकों, प्रशासन और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।




