छत्तीसगढ़बीजापुर

बीजापुर के जंगलों में वन्यजीव शिकार पर शिकंजा: इंद्रावती टाइगर रिजर्व से 6 आरोपी गिरफ्तार, मांस बरामद

रायपुर, 21 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ के बीजापुर स्थित इंद्रावती टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान वन्यजीव का मांस और शिकार में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई है। बरामद मांस के नीलगाय का होने की संभावना जताई जा रही है।

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर वन्यजीवों की सुरक्षा और अवैध शिकार पर रोक लगाने के लिए विभाग द्वारा लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है।

वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि परिक्षेत्र पासेवाड़ा के अंतर्गत ग्राम नीतिकाकलेर क्षेत्र में वन्यजीवों का शिकार किया गया है। सूचना के आधार पर वन अमले ने 19 अगस्त 2026 को दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण से संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई और उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

मानसून के दौरान लगातार बारिश, नदी-नालों में बढ़े जलस्तर और दुर्गम रास्तों के बावजूद वन अमला संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पैदल गश्त और निगरानी कर रहा है। विभाग ने वन अपराध और अवैध शिकार पर नियंत्रण के लिए सूचना तंत्र को और मजबूत करने तथा संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने की बात कही है।

वन विभाग ने स्थानीय ग्रामीणों और नागरिकों से जंगल में अवैध शिकार, वन अपराध या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी वन विभाग कार्यालय को देने की अपील की है।

इस कार्रवाई में इंद्रावती टाइगर रिजर्व के अधीक्षक, परिक्षेत्र अधिकारी फरसेगढ़/पासेवाड़ा, सेण्ड्रा, कुटरू बफर, कुटरू कोर और मद्देड़ बफर सहित टाइगर रिजर्व का मैदानी अमला शामिल रहा।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar