गधहाभाटा का बदला नाम, अब ‘सोनपुर’ के नाम से होगी नई पहचान, डिप्टी CM विजय शर्मा ने सौंपी राजपत्र की प्रति

कवर्धा, 21 जून 2026
कबीरधाम जिले के गधहाभाटा गांव को अब नई पहचान मिल गई है। गांव का नाम आधिकारिक रूप से बदलकर ‘सोनपुर’ कर दिया गया है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने शनिवार को ग्राम सोनपुर पहुंचकर ग्रामीणों को राजपत्र (गजट) की प्रति सौंपते हुए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने गांव के विकास के लिए 7 लाख 50 हजार रुपए के विभिन्न कार्यों की घोषणा की। उन्होंने सामुदायिक भवन मरम्मत के लिए 2.50 लाख रुपए, किचन निर्माण के लिए 2.50 लाख रुपए, गौठान समतलीकरण के लिए 1 लाख रुपए और पचारी निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपए देने की घोषणा की।

लंबे समय से थी नाम बदलने की मांग
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से गांव का नाम बदलने की मांग कर रहे थे। स्थानीय जनभावनाओं और सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव शासन को भेजा गया। इसके बाद मंत्रिमंडल की मंजूरी, राज्यपाल की स्वीकृति और राजपत्र प्रकाशन की प्रक्रिया पूरी की गई।
उन्होंने कहा कि अब ‘सोनपुर’ नाम सरकारी अभिलेखों और सभी वेब पोर्टलों में स्थायी रूप से दर्ज रहेगा। ग्रामीणों से भी नए नाम को व्यवहार में अपनाने की अपील की गई, ताकि आने वाली पीढ़ियां इसी नाम से गांव की पहचान कर सकें।
आत्मसम्मान और सांस्कृतिक पहचान को मिला सम्मान
विजय शर्मा ने कहा कि गांवों के नाम केवल पहचान नहीं होते, बल्कि वे स्थानीय इतिहास, संस्कृति और जनभावनाओं से जुड़े होते हैं। ‘सोनपुर’ नामकरण ग्रामीणों के आत्मसम्मान और क्षेत्रीय पहचान को मजबूत करने वाला कदम है।
उन्होंने बताया कि जिले के चांडालपुर गांव का नाम भी बदलकर ‘चंदनपुर’ किया गया है, जिसका राजपत्र प्रकाशन पहले ही हो चुका है।
24 जून को होगी विशेष ग्राम सभा
उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना प्लस के नवीन सर्वे की जानकारी देते हुए कहा कि 24 जून को विशेष ग्राम सभा आयोजित होगी। इसमें पात्र हितग्राहियों की सूची का वाचन किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद परिवारों को योजना का लाभ सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने ग्रामीणों से ग्राम सभा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, पिपरिया नगर पंचायत अध्यक्ष घुरवा राम साहू, पूर्व विधायक डॉ. सियाराम साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




