छत्तीसगढ़

CG News: अवैध रेत भंडारण और परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 1740 घनमीटर रेत समेत दो हाईवा जब्त

रायपुर , 18/05/26 ! Chhattisgarh में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में रायपुर जिले के आरंग क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए विभागीय टीम ने 1740 घनमीटर अवैध रेत और दो हाईवा वाहनों को जब्त किया है।

जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के निर्देश पर प्रदेश में अवैध खनन गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए खनिज विभाग द्वारा रात्रिकालीन गश्त, औचक निरीक्षण, सघन निगरानी और छापेमार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही ड्रोन जैसी आधुनिक तकनीकों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

कागदेही गांव में मिला अवैध रेत भंडारण

सचिव खनिज साधन विभाग और संचालक के निर्देशानुसार केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता एवं जिला स्तरीय संयुक्त टीम ने आरंग तहसील अंतर्गत ग्राम कागदेही में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान समोदा-कागदेही मार्ग और आर्या पेट्रोल पंप के दक्षिण दिशा स्थित फॉरेस्ट नर्सरी के पास बिना वैध अनुमति के रेत का अवैध भंडारण पाया गया।

जांच में छत्तीसगढ़ खनिज (खनन, परिवहन तथा भंडारण) नियम 2009 के उल्लंघन की पुष्टि होने पर खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई करते हुए करीब 1740 घनमीटर रेत जब्त की गई।

दो हाईवा वाहन भी जब्त

कार्रवाई के दौरान अवैध रेत परिवहन में लगे दो हाईवा वाहनों को भी जब्त किया गया। दोनों वाहनों को आरंग थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। वहीं जब्त रेत को नगर पंचायत समोदा के पार्षद देवेंद्र कुमार साहू के सुपुर्द किया गया है।

खनिज विभाग का कहना है कि प्रदेश में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar