छत्तीसगढ़

CAF जवान ने की आत्महत्या: चुनाव ड्यूटी से लौटे जवान की फांसी पर लटकी मिली लाश, परिवार में मातम

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। जवान का शव शहर की पिंक सिटी कॉलोनी स्थित किराए के मकान में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

मृतक की पहचान जागेश्वर प्रसाद के रूप में हुई है, जो भटगांव का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार, जवान सूरजपुर में पदस्थ था और हाल ही में पश्चिम बंगाल और असम चुनाव ड्यूटी से छुट्टी लेकर घर लौटा था। बताया जा रहा है कि रविवार रात घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।

सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी हुई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जवान को शराब पीने की लत थी। परिजनों ने उसे शराब सेवन से मना किया था, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। इसी तनाव में जवान ने कथित तौर पर आत्मघाती कदम उठा लिया। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं विभागीय अधिकारियों में भी शोक का माहौल है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar