छत्तीसगढ़जगदलपुर

चाट-गुपचुप सेंटरों पर छापा: ‘सही दवा-शुद्ध आहार’ अभियान की शुरुआत, कॉस्मेटिक दुकानों की भी जांच

डमरू कश्यप

जगदलपुर, 28 अप्रैल 2026। राज्य शासन के निर्देश पर “सही दवा-शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम के तहत 15 दिवसीय सघन जांच अभियान की शुरुआत हो गई है। 27 अप्रैल से 11 मई तक चलने वाले इस अभियान के पहले दिन ही खाद्य एवं औषधि विभाग ने शहर में कार्रवाई करते हुए चाट-गुपचुप सेंटरों और कॉस्मेटिक्स दुकानों का निरीक्षण किया।

कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में टीम ने सिरहासार चौक के आसपास चाट और गुपचुप ठेलों की जांच की। इस दौरान संचालकों को एफएसएसएआई लाइसेंस अनिवार्य रूप से लेने और उसे दुकान या ठेले पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही साफ-सफाई बनाए रखने, स्वच्छ पानी का उपयोग करने, ढक्कनयुक्त डस्टबिन रखने और केवल मान्यता प्राप्त खाद्य रंगों का सीमित उपयोग करने की हिदायत दी गई।

निरीक्षण के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि खाद्य सामग्री बनाते समय एप्रन, ग्लव्स और हेड कैप का उपयोग जरूरी है। पान मसाला, तंबाकू और बीड़ी-सिगरेट के सेवन से बचने तथा साल में कम से कम एक बार स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश भी दिए गए। टीम ने चाट और मीठे पानी के नमूने भी जांच के लिए एकत्र किए।

वहीं औषधि प्रकोष्ठ की टीम ने पैलेस रोड, मोतीतालाब पारा और जैन मंदिर रोड स्थित दवा और कॉस्मेटिक दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान बिलों की जांच कर संचालकों को गुणवत्तायुक्त और सुरक्षित उत्पादों की बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अभियान के तहत आगामी दिनों में जिलेभर में लगातार जांच जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar