Bilaspur Violence: पथराव मामले के मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर सोहेल खान ने किया सरेंडर, पुलिस ने हिरासत में लिया

बिलासपुर,2 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद पथराव और हिंसा के मामले में फरार चल रहे आरोपी सोहेल खान ने मंगलवार शाम पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सोहेल खान को मामले में मुख्य आरोपी और हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। सरेंडर से पहले उसने मीडिया से बातचीत में खुद को निर्दोष बताते हुए दावा किया कि घटना के समय वह मौके पर मौजूद नहीं था। उसने आरोप लगाया कि उसे झूठे केस में फंसाया जा रहा है।
पुलिसकर्मियों पर हुआ था पथराव
घटना के दौरान दोनों पक्षों में विवाद बढ़ने के बाद मारपीट और पथराव हुआ था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने और लाठीचार्ज करना पड़ा। इसी दौरान भीड़ की ओर से पुलिस पर भी पथराव किया गया।
पथराव की घटना में टीआई समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। इसके बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई और धारा 144 लागू की गई।
सोहेल से देर रात तक पूछताछ
सोहेल खान के सरेंडर करने के बाद एसीसीयू की टीम ने उससे देर रात तक पूछताछ की। पुलिस उससे घटना में शामिल फरार आरोपियों और उनके संभावित ठिकानों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके रिश्तेदारों के घर और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। पुलिस ने उसके परिजनों से भी पूछताछ की थी, जिसके बाद सोहेल ने सरेंडर किया।
अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस अब तक दोनों पक्षों के 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। हालांकि, दूसरे पक्ष की ओर से पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने के आरोप लगाए गए हैं। उनका दावा है कि दूसरे पक्ष के कुछ युवकों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।
पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ अलग-अलग केस दर्ज किए हैं। साथ ही घटना के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि अन्य आरोपियों की पहचान की जा सके।
विवाद की वजह क्या थी?
जानकारी के मुताबिक, खपरगंज इलाके में युवकों के दो गुटों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि सोशल मीडिया पर की गई कथित हिंदू विरोधी टिप्पणी और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव होने लगा।
पुलिस अब अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले में एक पक्ष का मुख्य आरोपी ठाकुर राम सिंह भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश के साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।




