छत्तीसगढ़जगदलपुर

भानपुरी मंडल बैठक में बोले केदार कश्यप — संगठन की मजबूती से तेज होगा बस्तर का विकास

जगदलपुर, 29 मई 2026

प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप आज बस्तर जिले के भानपुरी मंडल में आयोजित कार्यकर्ता बैठक में शामिल हुए। बैठक के दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार बस्तर के विकास को प्राथमिकता देते हुए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, वनाधिकार, रोजगार और कृषि जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं, जिससे दूरस्थ इलाकों तक विकास पहुंच रहा है।

उन्होंने कहा कि बस्तर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ युवाओं, किसानों और वनांचल में रहने वाले लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

वन मंत्री ने कहा कि भाजपा संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का काम करते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी हर जरूरतमंद तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियान और सामाजिक गतिविधियों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय समस्याओं और स्थानीय आवश्यकताओं से जुड़े सुझाव भी साझा किए।

केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार “विकसित बस्तर” के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और आने वाले समय में क्षेत्र में विकास की गति और तेज होगी।

बैठक में बस्तर के पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, पूर्व विधायक लच्छू कश्यप, जनपद अध्यक्ष संतोष बघेल, जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान, मंडल अध्यक्ष प्रवीण सांखला, जिला मंत्री खितेश मौर्य, विजय पांडे, तुलसू कश्यप, जनपद सदस्य गौरव कश्यप सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar