
बीजापुर, 11 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में CRPF की 199वीं बटालियन ने नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। सुरक्षाबलों ने पीडिया और कुप्पागुड़ा क्षेत्र के एड्री, हर्रा और मदुमपारा के जंगलों में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों के 8 डंप बरामद किए।
यह अभियान कमांडेंट आनंद कुमार के मार्गदर्शन तथा द्वितीय कमान अधिकारी कुमार नीरज की देखरेख में चलाया गया। अभियान में बी/199 कंपनी, एफ/199 कंपनी और यंग प्लाटून के जवान शामिल थे।
तलाशी के दौरान जवानों ने 21 IED, सीजीएल रायफल, 8 एमएम रायफल, 12 बोर रायफल, कॉर्डेक्स वायर, सेफ्टी फ्यूज, इलेक्ट्रिक वायर, एयर गन राउंड, विभिन्न इलेक्ट्रिक सामग्री और नक्सलियों के उपयोग की अन्य वस्तुओं सहित कुल 58 प्रकार की सामग्री बरामद की।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, यह विस्फोटक और हथियार सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से जंगल में छिपाकर रखे गए थे। जवानों ने सतर्कता के साथ पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर चरणबद्ध तरीके से अभियान चलाया और सभी डंप सुरक्षित तरीके से बरामद किए।
गौरतलब है कि एड्री, हर्रा, मदुमपारा और पीडिया का इलाका लंबे समय से नक्सली गतिविधियों के लिए संवेदनशील माना जाता रहा है। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नक्सल नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।




