Bastar News Update: स्वाइन फ्लू का खतरा टला, बारिश ने बढ़ाई सड़क की मुश्किलें, खिलाड़ियों ने जीते 8 पदक

बस्तर,29 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में फिलहाल स्वाइन फ्लू का कोई एक्टिव केस नहीं है। प्रदेश में 27 अगस्त तक H1N1 के 105 मामले सामने आए हैं, जिनमें 18 मरीज सक्रिय हैं। बस्तर में अब तक दो संक्रमित मरीज मिले हैं, लेकिन वर्तमान में कोई एक्टिव मरीज नहीं है। दंतेवाड़ा में भी एक मामला सामने आया था, जहां अब कोई सक्रिय मरीज नहीं है।
बदलते मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। सर्दी, खांसी, तेज बुखार, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी स्वाइन फ्लू के संभावित लक्षण हो सकते हैं। हालांकि सामान्य वायरल और स्वाइन फ्लू के लक्षण एक जैसे होने के कारण सिर्फ लक्षणों के आधार पर संक्रमण की पुष्टि नहीं की जा सकती। डॉक्टर जांच के बाद ही H1N1 संक्रमण की पुष्टि की सलाह दे रहे हैं।
वहीं, बस्तर में बारिश के कारण सड़कों की हालत भी खराब हो गई है। दंतेवाड़ा मार्ग पर गड्ढे में पानी भरने से एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत रही कि महिला चालक को गंभीर चोट नहीं आई।
सुकमा में NH-30 पर केशलूर से तोंगपाल के बीच सड़क बदहाल है। जगह-जगह गड्ढों और कीचड़ के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। कई छोटे वाहन चालक सुकमा से दंतेवाड़ा होकर वैकल्पिक रास्ता अपना रहे हैं, जिससे करीब 40 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।
इसके अलावा नारायणपुर के अबूझमाड़ के खिलाड़ियों ने ताइक्वांडो में 8 पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया है। वहीं, बस्तर के गड़दा गांव में न्यूट्रल करने पर वाहनों के खुद आगे बढ़ने की घटना भी चर्चा का विषय बनी हुई है। विशेषज्ञों के मुताबिक इसके पीछे ऑप्टिकल इल्यूजन की संभावना हो सकती है।




