बस्तर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 9.46 लाख की मध्यप्रदेश ब्रांड शराब बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार और दो नाबालिग हिरासत में

जगदलपुर,23 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ लाई जा रही 7010 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 9 लाख 46 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान शराब परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहनों को भी जब्त किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की जगदलपुर रेंज की टीम ने दरभा थाना क्षेत्र के छोटे कड़मा गांव में दबिश दी। इस दौरान टीम ने मध्यप्रदेश ब्रांड की अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप पकड़ी। कार्रवाई में कुल 1261.8 बल्क लीटर शराब यानी 7010 बोतलें बरामद की गईं।
मामले में आबकारी विभाग ने प्रवीण बघेल नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया गया है। वहीं, कार्रवाई के दौरान एक अन्य आरोपी सुनील सेठिया मौके से फरार होने में कामयाब रहा। उसकी तलाश की जा रही है।
आबकारी विभाग ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग फरार आरोपी की तलाश के साथ शराब के अवैध परिवहन और कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रहा है।




