छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

बस्तर की शिल्पकला को राष्ट्रपति भवन से मिला सम्मान, कोंडागांव के 11 शिल्पकारों को विशेष आमंत्रण; 700 लोहे की घंटियों ने बढ़ाया गौरव

रायपुर,12 नवम्बर 2026

छत्तीसगढ़ के बस्तर की पारंपरिक कला और शिल्पकला को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। कोंडागांव जिले के शिल्पकारों की उत्कृष्ट बेलमेटल और लौह शिल्पकला को राष्ट्रपति भवन की ओर से विशेष सम्मान मिला है। राष्ट्रपति भवन के विशेष आमंत्रण पत्रों की सजावट के लिए कोंडागांव के कलाकारों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों का चयन किया गया है। कलाकारों की शानदार कारीगरी से प्रभावित होकर राष्ट्रपति भवन ने जिले के 11 हस्तशिल्पियों को विशेष आमंत्रण भेजा है।

यह उपलब्धि न केवल कोंडागांव के कलाकारों के लिए गौरव का विषय है, बल्कि बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पीढ़ियों से संरक्षित पारंपरिक कला के सम्मान का भी प्रतीक है। राष्ट्रपति भवन से आमंत्रण मिलने के बाद कलाकारों का दल दिल्ली जाने की तैयारियों में जुट गया है।

राष्ट्रपति भवन के आमंत्रण पत्रों में दिखेगी बस्तर की कला

कोंडागांव की पारंपरिक शिल्पकला अब स्थानीय बाजारों से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही है। जिले के कलाकारों द्वारा तैयार बेलमेटल और लौह शिल्प की कलाकृतियों को राष्ट्रपति भवन के विशेष निमंत्रण पत्रों की सजावट में स्थान मिला है।

महाराष्ट्र, गोवा और छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों की चयनित हस्तशिल्प सामग्रियों में कोंडागांव की कलात्मक वस्तुओं को भी शामिल किया गया है। यह चयन स्थानीय कलाकारों की रचनात्मकता और उत्कृष्ट कारीगरी को मिली बड़ी पहचान है।

लोहे की 700 घंटियों ने बढ़ाया बस्तर का गौरव

कोंडागांव जिले के ग्राम किड़ईछेपड़ा के शिल्पकारों ने अपनी मेहनत और हुनर से इस उपलब्धि को खास बनाया है। गांव के सुनील विश्वकर्मा, अनिल विश्वकर्मा और नगीना विश्वकर्मा ने मिलकर लोहे की 700 आकर्षक घंटियों का निर्माण किया था।

इन घंटियों में बस्तर की पारंपरिक कारीगरी और कलाकारों की रचनात्मकता की झलक दिखाई देती है। साधारण लोहे को आकर्षक कलात्मक स्वरूप देने वाले इन शिल्पकारों की मेहनत अब राष्ट्रपति भवन तक पहुंच चुकी है। उनकी कलाकृतियों ने कोंडागांव की लौह शिल्पकला को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

शुक्रवार को दिल्ली रवाना होंगे 11 शिल्पकार

राष्ट्रपति भवन से विशेष आमंत्रण मिलने के बाद कोंडागांव जिले के 11 हस्तशिल्पियों का दल शुक्रवार को दिल्ली के लिए रवाना होगा। इस दल में पारंपरिक बेलमेटल कलाकारों के साथ आठ लौह शिल्पकार भी शामिल हैं।

दिल्ली जाने की तैयारियों में जुटे कलाकार अपनी पारंपरिक वेशभूषा के साथ भेंट स्वरूप ले जाने वाली कलात्मक वस्तुएं भी तैयार कर रहे हैं। कलाकार अपने साथ बस्तर की विशिष्ट शिल्प परंपरा की झलक प्रस्तुत करने वाली कलाकृतियां लेकर जाएंगे।

वहीं, जिला प्रशासन की ओर से कलाकारों की दिल्ली यात्रा और प्रवास के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

बस्तर की सांस्कृतिक विरासत को मिला राष्ट्रीय सम्मान

कोंडागांव की बेलमेटल और लौह शिल्पकला का राष्ट्रपति भवन तक पहुंचना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। यह उन स्थानीय कलाकारों की मेहनत और पारंपरिक कौशल का सम्मान है, जो पीढ़ियों से अपनी कला और संस्कृति को सहेजते आ रहे हैं।

ग्राम किड़ईछेपड़ा के शिल्पकारों द्वारा तैयार 700 लोहे की घंटियों ने इस उपलब्धि को और खास बना दिया है। स्थानीय बाजारों से निकलकर राष्ट्रपति भवन तक पहुंची कोंडागांव की शिल्पकला ने एक बार फिर बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक हुनर को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar