देश-विदेश

कुलगाम में CRPF नाके पर आतंकी हमला, 3 जवान घायल; एक की हालत गंभीर, CCTV में कैद हुई गोलीबारी

श्रीनगर, 12 नवंबर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के नाके को निशाना बनाकर हमला किया। मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने ड्यूटी पर तैनात जवानों पर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें CRPF के तीन जवान घायल हो गए। घायलों में एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें गोलीबारी के दौरान जवान मोर्चा संभालते नजर आ रहे हैं।

दोपहर 2:15 बजे हुआ हमला

CRPF के आधिकारिक बयान के मुताबिक, घटना 11 नवंबर को दोपहर करीब 2:15 बजे हुई। कुलगाम जिले में एक नाके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों पर मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चलाईं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

गोलीबारी में घायल तीनों जवानों को तत्काल उपचार के लिए अनंतनाग जिले के अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुरक्षा बलों ने हमलावरों की तलाश में अभियान शुरू कर दिया है।

CCTV फुटेज में दिखी गोलीबारी

हमले का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें CRPF के दो जवान नाके पर ड्यूटी करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान अचानक गोलियां चलने लगती हैं। जवान तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई करते नजर आते हैं। गोलीबारी के बाद हमलावर वहां से फरार हो जाते हैं।

तीन जवानों को लगी गोली, एक की हालत गंभीर

हमले में घायल जवानों की पहचान इस प्रकार है:

  1. राकेश दास (CT/GD): असम निवासी राकेश दास के पैर में गोली लगी है। उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
  2. संतोष चंद्रू (CT/GD): पश्चिम बंगाल निवासी संतोष चंद्रू के पेट और रीढ़ की हड्डी में गोली लगी है। उन्हें ऑपरेशन थिएटर (OT) में रखा गया है और उनकी हालत गंभीर है।
  3. सोमवीर सिंह (HC/GD): मध्य प्रदेश निवासी सोमवीर सिंह के बाएं हाथ में गोली लगी है। उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

पूरे इलाके की घेराबंदी, सर्च ऑपरेशन जारी

हमले के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। आतंकियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हैं।

गौरतलब है कि हाल ही में CRPF ने लगातार एक साल तक किसी भी जवान की ऑपरेशनल मौत नहीं होने का रिकॉर्ड बनाया था। बल के महानिदेशक जीपी सिंह ने इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया था। उनके मुताबिक, CRPF में आखिरी ऑपरेशनल मौत 30 अक्टूबर 2025 को हुई थी। करीब 47 साल बाद बल ने यह उपलब्धि दोहराई थी।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar